गोरखपुर। गोरखपुर के चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के बेटे कंदर्प तिवारी और प्रयागराज के बाहुबली नेता उदयभान करवरिया की छोटी बेटी साक्षी की सगाई हो गई है। गुरुवार को फोटो-वीडियो सामने आने के बाद पूर्वांचल की सियासत में इस रिश्ते की चर्चा तेज है।

मिली जानकारी के मुताबिक, सगाई का कार्यक्रम बुधवार को देहरादून के एक होटल में हुआ। इसमें दोनों परिवारों के खास लोग मौजूद थे। रिंग सेरेमनी के साथ गोद भराई की रस्म भी पूरी कर ली गई। गुरुवार को सोशल मीडिया पर तस्वीरें जारी होने के बाद लोगों को इस बात की जानकारी मिली।

सूत्रों का कहना है कि यह रिश्ता पहले से तय था, लेकिन बीच में कुछ अड़चन आ गई थी। अब अड़चन दूर कर रस्में पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही शादी की तिथि की भी घोषणा हो सकती है।

शादी चुनाव के बाद होने की चर्चा

सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि शादी 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद होगी। हालांकि, दोनों परिवारों की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। लोगों में यह भी चर्चा है कि बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी की शादी जैसे यह शादी भी चर्चा में रहेगी।

विनय शंकर तिवारी का परिवार

पंडित हरिशंकर तिवारी के तिवारी हाता में जल्द शहनाई बजने वाली है। हरिशंकर तिवारी पूर्वांचल के बाहुबली नेता माने जाते थे। वे पूर्व मंत्री रहे और कई बार विधायक भी रहे। उनके बेटे विनय शंकर तिवारी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। वे पहले बसपा से चिल्लूपार विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। उनके बड़े भाई भीष्म शंकर तिवारी भी सांसद रह चुके हैं। कंदर्प तिवारी पंडित हरिशंकर तिवारी के पौत्र हैं।

उदयभान करवरिया का परिवार

विनय शंकर तिवारी के समधि बनने वाले उदयभान करवरिया प्रयागराज के रहने वाले हैं। उनकी भी छवि बाहुबली की है और पूरा परिवार राजनीति में सक्रिय है। उदयभान 2002 और 2007 में विधायक रहे हैं। 2012 में वे बीजेपी के टिकट पर चुनाव हार गए थे। उनकी पत्नी नीलम करवरिया ने 2017 में बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था। उदयभान के बड़े भाई कपिल मुनि फूलपुर से सांसद रह चुके हैं, जबकि छोटे भाई सूरजभान एमएलसी रहे हैं।

उदयभान करवरिया 1996 में हुए एक हत्या मामले में उम्र कैद की सजा काट चुके हैं। कोर्ट ने अच्छे आचरण के आधार पर उन्हें समय से पहले रिहा कर दिया था। अब दोनों बाहुबली परिवारों के इस रिश्ते से पूर्वांचल की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।