
बिलासपुर : भिलाई विधानसभा सीट से विधायक चुने गए देवेंद्र यादव के निर्वाचन को लेकर चल रहे कानूनी विवाद में अब फैसले की घड़ी नजदीक आ गई है। उनके निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है। जस्टिस राकेश मोहन पांडेय ने याचिकाकर्ता पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय और निर्वाचित विधायक देवेंद्र यादव की ओर से पेश की गई दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब कोर्ट के फैसले का इंतजार हैं।
चुनावी शपथपत्र में अहम जानकारियां छिपाने का आरोप
पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय ने वर्ष 2024 में हाई कोर्ट में चुनाव याचिका दायर कर देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती दी थी। याचिका में आरोप लगाया गया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान नामांकन पत्र के साथ जमा किए गए शपथपत्र (प्रपत्र-26) में कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई गई या गलत तरीके से दर्ज की गई। इनमें संपर्क विवरण, सोशल मीडिया अकाउंट, स्वयं और पत्नी की आय, चल-अचल संपत्ति तथा परिवार के सदस्यों को दिए गए ऋण का ब्योरा शामिल है।
संपत्ति के मूल्य से लेकर आपराधिक मामलों तक पर आपत्ति
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ संपत्तियों का वास्तविक मूल्य शपथपत्र में नहीं दर्शाया गया। इसके साथ ही लंबित आपराधिक मामलों, जारी वारंट और फरार घोषित किए जाने से जुड़ी जानकारी भी कथित तौर पर छिपाई गई। पांडेय की ओर से दलील दी गई है कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी के लिए शपथपत्र में सभी जरूरी तथ्यों का सही खुलासा करना अनिवार्य है। ऐसे में महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाना निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर मामला है।
प्रेस वार्ता, सोशल मीडिया पोस्ट का भी मामला
चुनाव याचिका में एक अन्य महत्वपूर्ण आरोप भी लगाया गया है। प्रेम प्रकाश पांडेय के अनुसार 15 नवंबर 2023 को प्रेस वार्ता, पर्चों और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनके खिलाफ गलत और मानहानिकारक बातें प्रचारित की गई। याचिकाकर्ता ने इन गतिविधियों को भ्रष्ट आचरण बताते हुए देवेंद्र यादव का निर्वाचन निरस्त करने की मांग की है।
अब हाई कोर्ट के फैसले का इंतेजार
मामले में याचिकाकर्ता और निर्वाचित विधायक, दोनों पक्षों ने अदालत के सामने अपनी दलीलें रखीं। सभी पक्षों को सुनने के बाद जस्टिस राकेश मोहन पांडेय ने निर्णय सुरक्षित रख लिया। अब अदालत का फैसला ही स्पष्ट करेगा कि देवेंद्र यादव का निर्वाचन बरकरार रहेगा या याचिकाकर्ता की मांग पर कोई कानूनी राहत मिलेगी। भिलाई विधानसभा सीट से जुड़े इस मामले में आने वाला निर्णय राजनीतिक और कानूनी, दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है।