
रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने के लिए छत्तीसगढ़ की एसीबी-ईओडब्ल्यू ने सीधे दुबई में मोर्चा संभाल लिया है। आईजी अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में जांच एजेंसी की विशेष टीम दुबई पहुंच चुकी है। टीम का मकसद प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को जल्द से जल्द भारत लाना है। एजेंसी की तैयारी 28 नवंबर तक सुब्बू को रायपुर लाकर उससे पूछताछ शुरू करने की है।
आईजी के नेतृत्व में पहुंची टीम, तीन डीएसपी भी शामिल
सुब्बू को भारत लाने के लिए गठित विशेष टीम में आईजी अमरेश मिश्रा के साथ डीएसपी राहुल शर्मा, डीएसपी रोशन आहूजा समेत तीन डीएसपी शामिल हैं। टीम दुबई में प्रत्यर्पण से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटी है। जांच एजेंसी ने इस कार्रवाई के लिए पहले से कानूनी दस्तावेज तैयार कराए थे। इन दस्तावेजों का अरबी और अंग्रेजी में अनुवाद कराने के बाद दुबई भेजा गया है, ताकि वहां की कानूनी प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।
इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस पर पकड़ा गया सुब्बू
रिपोर्ट के अनुसार दुबई पुलिस ने इसी महीने इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को हिरासत में लिया था। उसके खिलाफ ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी जारी है। अब भारतीय जांच एजेंसी दुबई में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे अपने साथ भारत लाने की तैयारी में है।
छत्तीसगढ़ की जांच एजेंसी का विदेश में सीधा एक्शन
आरोपी को वापस लाने के लिए जांच एजेंसी ने केवल दूसरे देशों की एजेंसियों पर निर्भर रहने के बजाय अपनी विशेष टीम विदेश भेजी है। इसे छत्तीसगढ़ की किसी राज्य स्तरीय जांच एजेंसी की ओर से इस तरह की पहली कार्रवाई बताया जा रहा है। इससे शराब घोटाले की जांच में एजेंसी की सक्रियता और फरार आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश साफ नजर आती है।
रायपुर में पूछताछ से खुल सकते हैं कई राज
देखना हैं कि सुब्बू को भारत लाने की प्रक्रिया कितनी जल्दी पूरी होती है। यदि तय समयसीमा में उसे रायपुर लाया जाता है तो ईओडब्ल्यू उससे शराब घोटाले से जुड़े लेन-देन, कथित नेटवर्क और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर सकती है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि उसकी पूछताछ से मामले की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।