
रायपुर : छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप निर्वाचन-2026 को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज होने लगी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रस्तावित अहम बैठक का कार्यक्रम बदल दिया है। अब 27 नवंबर को होने वाली राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक एक दिन पहले यानी आज गुरुवार 26 नवंबर को होगी। इस बैठक को लेकर आयोग ने प्रदेश के पांचों संभागों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को तत्काल तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी ताजा आदेश के अनुसार आज गुरुवार को दोपहर 2:30 बजे नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभागवार समीक्षा की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह करेंगे। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग के अधिकारियों को इस संबंध में आधिकारिक पत्र भेज दिया गया है।
27 नवंबर का कार्यक्रम बदला, अब आज होगी अहम बैठक
गौरतलब है कि आयोग ने 17 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक 1291 जारी कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए 27 नवंबर की तारीख तय की थी। लेकिन अपरिहार्य प्रशासनिक कारणों से कार्यक्रम में संशोधन करते हुए बैठक एक दिन पहले कर दी गई। तारीख में इस बदलाव के बाद आयोग ने सभी संभागायुक्तों को तत्काल संबंधित अधिकारियों तक सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
आईजी-एसपी से लेकर कलेक्टर और निर्वाचन अधिकारियों तक को बुलावा
आयोग ने बैठक की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। सभी संभागायुक्तों को अपने संभाग के आईजी, जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, एसपी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर्स को बैठक की संशोधित तारीख और समय की जानकारी देने को कहा गया है। निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य जरूरी अधिकारियों की उपस्थिति भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश हैं।
मतदाता सूची, मतदान केंद्र और सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा फोकस
इस हाईलेवल बैठक में चुनावी तैयारियों के हर अहम पहलू की पड़ताल होने की संभावना है। मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति, मतदान केंद्रों की उपलब्धता और बुनियादी सुविधाएं, संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान तथा कानून व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर अधिकारियों से सीधा फीडबैक लिया जा सकता है।
आयोग का यह कदम साफ संकेत दे रहा है कि आगामी निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर तैयारियों में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन और पुलिस महकमे को एक साथ सक्रिय कर आयोग समय रहते चुनावी व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।