
धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी में कथित चंगाई सभा को लेकर शुरू हुआ विरोध उस वक्त विवाद में बदल गया, जब भगवान श्रीराम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने दिनेश साहू नामक व्यक्ति पर भगवान श्रीराम के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नगरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नियमों के उल्लंघन का आरोप, सभा का विरोध करने पहुंचे थे कार्यकर्ता
जानकारी के अनुसार 22 नवंबर को नगरी में कथित तौर पर चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सभा का आयोजन शासन द्वारा निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के विपरीत किया जा रहा था। इसी बात को लेकर संगठन के कार्यकर्ता सभा स्थल पर विरोध जताने पहुंचे थे।
श्रीराम पर टिप्पणी के आरोप से गरमाया माहौल
विरोध के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मौके पर मौजूद दिनेश साहू ने पुलिस और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भगवान श्रीराम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। इस कथित टिप्पणी के बाद कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क उठा और मौके पर विरोध तेज हो गया।
थाने पहुंच दर्ज कराई एफआईआर, जांच शुरू
घटना से नाराज हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने नगरी थाने पहुंचकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत दी। संगठन का कहना है कि उनका विरोध चंगाई सभा के कथित नियम उल्लंघन को लेकर था, लेकिन इस दौरान भगवान श्रीराम के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
हिंदू जागरण मंच ने मामले में जल्द और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।