रायपुर । रायपुर में महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की जांच के दौरान सिंडिकेट के मुख्य संचालक को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। जांच एजेंसियों को अब तक की छानबीन में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल द्वारा नेटवर्क चलाने के इनपुट मिले हैं, जबकि शुभम सोनी खुद को इसका मालिक और दोनों को कर्मचारी बता रहा है। जांच से जुड़े आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सट्टे का संचालन तीनों संयुक्त रूप से कर रहे थे।

तीनों की भूमिका और दावों का पेंच

जांच में यह तय करना प्रमुख पहलू है कि नेटवर्क के शीर्ष स्तर पर फैसले कौन लेता था, आर्थिक नियंत्रण किसके पास था और किसके निर्देश पर कारोबार चलता था। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि खुद को बचाने के लिए सौरभ अपने साथी रवि को आगे कर रहा है, और दोनों को बचाने के लिए शुभम सोनी सामने आ रहा है। जांच एजेंसियां अभी रवि उप्पल और शुभम सोनी की तलाश कर रही हैं। एजेंसियों के अनुसार, इन दोनों के पकड़े जाने के बाद ही पर्दे के पीछे से नेटवर्क चलाने वालों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अधिवक्ता हिमांशु शेखर से पूछताछ

सौरभ चंद्राकर के गिरफ्तार अधिवक्ता हिमांशु शेखर से हो रही पूछताछ को जांच की प्रमुख कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। इस पूछताछ से नेटवर्क से जुड़े लोगों के आपसी संपर्क, कानूनी गतिविधियों और कथित लेन-देन से जुड़ी जानकारियां सामने आने की संभावना है। हिमांशु से मिले इनपुट के आधार पर जांच टीम अब सट्टा नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार करने की तैयारी में है।

नवंबर 2023 का वीडियो और 508 करोड़ का दावा....

शुभम सोनी का नाम पहले भी राजनीतिक दावों के साथ सामने आ चुका है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नवंबर 2023 में उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। उस वीडियो में शुभम ने कांग्रेस के एक बड़े नेता को 508 करोड़ रुपये देने और सुरक्षित रूप से दुबई भागने में मदद मिलने का दावा किया था।

जांच के प्रमुख बिंदु....

  •   संयुक्त संचालन का इनपुट: जांच एजेंसियों के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और शुभम सोनी मिलकर नेटवर्क चला रहे थे।
  •   शुभम सोनी खुद को पूरे नेटवर्क का मालिक और सौरभ-रवि को कर्मचारी बता रहा है।
  •   रवि उप्पल और शुभम सोनी की तलाश जारी है।
  • कथित लेन-देन: नवंबर 2023 के वीडियो में शुभम ने 508 करोड़ रुपये देने का दावा किया था।

सूत्रों के मुताबिक, हिमांशु से मिले इनपुट के आधार पर जिस नए आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी चल रही है, उसे पकड़कर विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। अदालत से पूछताछ के लिए उसकी रिमांड ली जाएगी। इसके बाद जांच टीम सौरभ चंद्राकर, हिमांशु शेखर और उस तीसरे आरोपी को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ करेगी।