बिलासपुर : आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम गई पुलिस टीम की कार्रवाई अब खुद पुलिसकर्मियों के लिए मुसीबत बन गई है । आरोप है कि 8 सदस्यीय पुलिस टीम ने सरकारी नियमों के विपरीत ट्रेन के बजाय हवाई यात्रा की और फ्लाइट टिकट का खर्च भी मामले के प्रार्थी से कराया । शिकायत मिलने के बाद हुई जांच में अनियमितताएं सामने आने पर बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने कटघोरा के तत्कालीन थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया ।

आरोपी की तलाश में गुरुग्राम गई थी टीम

मामला कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में कृष्णा जेसीबी कंपनी से जुड़े धोखाधड़ी और चोरी के प्रकरण का है । आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 8 सदस्यीय टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजा गया था । विभागीय नियमों के अनुसार पुलिस टीम को ट्रेन से यात्रा करनी थी, लेकिन टीम ने फ्लाइट से सफर किया । यात्रा को लेकर उस समय विवाद और बढ़ गया, जब आरोप सामने आया कि हवाई टिकट का भुगतान सरकारी मद से या विभागीय प्रक्रिया के तहत कराने के बजाय मामले के प्रार्थी से कराया गया ।

प्रार्थी ने वरिष्ठ अधिकारियों से की शिकायत

पुलिस टीम की यात्रा और खर्च को लेकर प्रार्थी ने वरिष्ठ अधिकारियों से लिखित शिकायत की । शिकायत में पुलिसकर्मियों पर नियमों की अनदेखी करने और यात्रा का खर्च खुद से कराने का आरोप लगाया गया । शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कराई । जांच के दौरान वित्तीय अनियमितता, विभागीय नियमों की अनदेखी और पद के दुरुपयोग से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होने की बात सामने आई ।

आईजी के आदेश पर 8 पुलिसकर्मी निलंबित

जांच रिपोर्ट के आधार पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम में शामिल सभी 8 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया । निलंबित पुलिसकर्मियों में कटघोरा के तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल, उप निरीक्षक राम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, गोपाल यादव, राजेश कंवर, आरक्षक प्रदीप राठौर, साइबर सेल के आरक्षक सुशील यादव और रक्षित केंद्र कोरबा के आरक्षक प्रशांत सिंह शामिल हैं ।

विभागीय जांच अभी जारी

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने 8 पुलिसकर्मियों के निलंबन की पुष्टि की है । उन्होंने बताया कि मामले की विभागीय जांच अभी जारी है । जांच के दौरान यदि और तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे भी वैधानिक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है ।

कटघोरा थाना फिर आया चर्चा में

कटघोरा थाना इससे पहले भी लापरवाही से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा में रहा है । थाने के सामने लावारिस कबाड़ वाहन पड़े रहने और कर्तव्य में लापरवाही के मामलों में भी कार्रवाई हो चुकी है । अब गुरुग्राम यात्रा और टिकट के भुगतान से जुड़े विवाद में थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों के निलंबन ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है ।

फिलहाल विभागीय जांच जारी है । जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर यह तय होगा कि निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे किस स्तर की कार्रवाई की जाती है ।