बिलासपुर : डीपी विप्र लॉ कॉलेज में सीनियर-जूनियर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। कॉलेज में चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार करने पर एलएलबी फर्स्ट सेमेस्टर के छात्र तुषार दुबे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने पहले उसे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दबाव बनाया। तुषार के मना करने पर गाली-गलौज की गई और फिर उसे घेरकर लात-घूंसों से पीटा गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज में हड़कंप मचा हुआ है।

दर्जनभर छात्रों ने घेरा, पुराने छात्र भी शामिल होने का आरोप

पीड़ित छात्र के मुताबिक, महेश साहू, अखिलेश समेत करीब 12 छात्रों ने उसे घेर लिया था। छात्रों का आरोप है कि मारपीट करने वालों में कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों के अलावा कुछ ऐसे युवक भी शामिल थे, जो कई साल पहले कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं।

पहले पहुंचे चलती क्लास में, फिर प्रदर्शन करने का बनाया दबाव

बताया जा रहा है कि कॉलेज में एक शिक्षक से विवाद के बाद कुछ छात्र उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ सीनियर और पुराने छात्र चलती क्लास में पहुंच गए और नए छात्रों से इंट्रोडक्शन लेने लगे। शिक्षक के आपत्ति करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया और जूनियर छात्रों से भी इसमें शामिल होने के लिए कहा गया। तुषार ने प्रदर्शन में बैठने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर उसके साथ पहले गाली-गलौज की गई और बाद में मारपीट की गई।

जूनियर छात्रों में डर का माहौल, रैगिंग करने वालो पर जांच की मांग

घटना के बाद कॉलेज के जूनियर छात्रों में डर का माहौल है। छात्रों का कहना है कि सीनियर होने के नाम पर किसी जूनियर को अपनी मर्जी की गतिविधि में शामिल होने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। विरोध करने पर मारपीट करना गंभीर मामला है। छात्रों ने पूरे घटनाक्रम की रैगिंग के एंगल से भी जांच कराने की मांग की है।

पुराने छात्रों पर कॉलेज ने लिया कार्रवाई का फैसला

LAW COLLAGE BAITHAK ]

कॉलेज की प्राचार्य सुषमा तिवारी ने बताया कि कुछ पुराने छात्र चलती क्लास में घुसकर इंट्रोडक्शन लेने लगे थे। शिक्षक के मना करने के बाद उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया और छात्रों को जबरन प्रदर्शन में बैठने के लिए कहा। एक छात्र के मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज कमेटी की बैठक बुलाई गई। प्राचार्य ने बताया कि विवाद करने वाले पुराने छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। उनके कॉलेज परिसर में प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी। साथ ही पूरे मामले की जानकारी बार काउंसिल को भेजकर कार्रवाई के लिए कहा जाएगा।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

जांजगीर-चांपा निवासी पीड़ित छात्र तुषार दुबे की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने महेश साहू और उसके अन्य साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि मामला लॉ कॉलेज कैंपस का है। छात्र की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कॉलेज प्रबंधन ने भी छात्र के आवेदन पर कार्रवाई के लिए कहा है।