
रायपुर: रायपुर में सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण कार्य को गति देने के लिए नगर निगम ने गोगांव अंडरब्रिज से गोगांव पानी टंकी तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से बनाई गई करीब 17 छोटी-बड़ी दुकानों, गुमटियों और अस्थायी ढांचों को हटाकर मार्ग को कब्जामुक्त कराया। निगम प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई से इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और निर्माण कार्य में आ रही बाधाएं दूर होंगी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, 15वें वित्त आयोग मद से इस मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण का कार्य स्वीकृत किया गया है। लेकिन रास्ते में बनी अवैध दीवारें, सीढ़ियां, पाटे, ठेले और दुकानों के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों और निरीक्षण के बाद निगम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का फैसला लिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी और निगम अमले ने पूरे क्षेत्र में अवैध कब्जों को हटाया।
इस अभियान में कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा, सहायक अभियंता शरद देशमुख, शैलेंद्र पटेल, उप अभियंता अर्जिता दीवान, अंकिता सोनवर्षा और इम्तियाज अहमद सहित निगम जोन-1 की टीम मौजूद रही। निगम अधिकारियों ने बताया कि कई अवैध पाटों के कारण नालियों की सफाई भी प्रभावित हो रही थी, जिससे बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या बढ़ने का खतरा था। कार्रवाई के बाद अब निर्माण और सफाई कार्य को तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।
नगर निगम ने साफ किया है कि शहर में अवैध कब्जों और यातायात बाधाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इससे पहले गोंदवारा क्षेत्र में भी होटल पैराडाइज से अंडरब्रिज तक करीब 20 अवैध कब्जे हटाए गए थे। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर चल रहे इस अभियान का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और नागरिक सुविधाओं को बेहतर करना बताया गया है।