रायपुर: नगर निगम के जोन-10 अमलीडीह कार्यालय से करीब 100 एकड़ जमीन से जुड़ी अहम फाइल गायब होने का मामला सामने आया है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। यह फाइल बोरियाकला क्षेत्र के ओम नगर, साईं नगर और बिलाल नगर से जुड़े 69 भूखंडों की लेआउट और वैध-अवैध स्थिति की जानकारी से संबंधित थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस फाइल के गायब होने के पीछे बिल्डरों को लाभ पहुंचाने की साजिश हो सकती है। बताया जा रहा है कि फाइल को नियमानुसार नगर निगम मुख्यालय भेजने के बजाय सीधे टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को भेजा गया, जो प्रक्रिया के विरुद्ध है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम आयुक्त ने सख्त कार्रवाई करते हुए जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय अटैच कर दिया है और उनकी जगह मोनेश्वर शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नए प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि मामले में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका तय कर कड़ी कार्रवाई की जा सके। निगम अधिकारियों का कहना है कि फाइल ट्रांसफर की निर्धारित प्रक्रिया का उल्लंघन इस पूरे मामले को संदिग्ध बनाता है।image-2026-04-16t205851933_1776353312

इस घटना पर महापौर मीनल चौबे ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए इसे गंभीर लापरवाही करार दिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। निगम प्रशासन को आशंका है कि यह महज लापरवाही नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से किया गया खेल हो सकता है। फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इसमें बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।