बिलासपुर। बिलासपुर जिले के कोटा नगर के पड़ाव पारा क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाश देर रात घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद, चांदी का गिलास तथा गुल्लक में जमा नगदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

घर खाली मिलते ही चोरों ने बोला धावा
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बलराम सिंह ध्रुव जनपद पंचायत गीदम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में शासकीय कार्य के चलते गीदम में रह रहे हैं। कोटा के पड़ाव पारा स्थित उनके मकान में उनका भतीजा रहता था। 12 जुलाई को वह अपने पैतृक गांव झिंगटपुर चला गया, जिसके कारण घर पूरी तरह सूना पड़ा था। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

ताला तोड़कर आलमारी खंगाली, नकदी और चांदी का सामान किया पार
बताया जा रहा है कि 12 जुलाई की रात करीब 12 बजे चोर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने सीधे गोदरेज आलमारी को निशाना बनाया और उसमें रखे करीब 50 हजार रुपये नकद, एक चांदी का गिलास तथा गुल्लक में रखी नगदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। चोरी का पता तब चला जब घर के लोग वापस लौटे और दरवाजे का टूटा ताला व बिखरा सामान देखा।

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही बलराम सिंह ध्रुव ने कोटा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरी वारदात मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है और आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का जल्द खुलासा किए जाने की उम्मीद है।