
बिलासपुर : शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने और बाद में मारपीट करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है । आरोपी की पहचान महेन्द्र बानी (36) पिता लक्ष्मी प्रसाद बानी, निवासी ग्राम रिस्दा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर, हाल मुकाम ग्राम केरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है ।
स्कूल में साथ काम करने के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी वर्ष 2020 में स्वामी आत्मानंद स्कूल तारबाहर में साथ काम करते थे । इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ । आरोप है कि आरोपी ने खुद का तलाक का मामला चलने की बात कहते हुए 15 अगस्त 2024 को पीड़िता से शादी करने का वादा किया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए ।
शादी से मुकरने पर विवाद, महिला से मारपीट
पीड़िता के मुताबिक बाद में आरोपी शादी करने से मुकर गया । इसका विरोध करने पर आरोपी ने 16 और 17 अगस्त 2026 को उसके साथ गंभीर मारपीट की, जिससे उसे चोटें आई । पीड़िता की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की ।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सरकंडा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की । थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महेन्द्र बानी को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1176/2026 दर्ज किया है । मामले में धारा 69, 296 और 115(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है । पूछताछ और जांच के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया ।
पुलिस कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में की गई ।