
कच्छ: गुजरात के मुंद्रा तट के पास भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1150 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन जब्त की है। इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) और गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) के संयुक्त ऑपरेशन में एक कंटेनर जहाज से 115 किलोग्राम कोकीन बरामद की गई है। यह ऑपरेशन 25 और 26 मई की रात समुद्र में चलाया गया, जिसने देश की समुद्री सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और समन्वय को एक बार फिर साबित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, गुजरात ATS को समुद्री रास्ते से बड़े पैमाने पर ड्रग्स तस्करी की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद इंडियन कोस्ट गार्ड की इंटरसेप्टर बोट्स को मुंद्रा एंकरेज क्षेत्र में तैनात किया गया। तलाशी अभियान के दौरान ‘MV Europe’ नामक कंटेनर जहाज पर संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। एजेंसियों ने दावा किया कि जहाज से रात के अंधेरे में कुछ बैग समुद्र में फेंके गए, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उन बैगों को समुद्र से बरामद कर लिया।
बरामद बैगों की जांच में 115 पैकेट मिले, जिनमें सफेद पाउडर जैसा पदार्थ भरा था। प्रारंभिक परीक्षण में इसे उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बताया गया। अधिकारियों के मुताबिक, हर पैकेट का वजन करीब एक किलोग्राम था और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1150 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस बरामदगी को हाल के वर्षों में पश्चिमी समुद्री सीमा पर हुई सबसे बड़ी ड्रग्स जब्ती में से एक माना जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों ने जहाज को आगे की जांच के लिए बंदरगाह पर खड़ा कर दिया है और उससे जुड़े चालक दल व नेटवर्क की जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में गुजरात ATS और इंडियन कोस्ट गार्ड द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया यह 15वां सफल एंटी-नारकोटिक्स ऑपरेशन है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस खेप का अंतिम गंतव्य कौन था और इसके पीछे कौन-सा अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय है।