
सूरजपुर। चोरी करने के लिए शातिराना तरीके अपनाने वाले चोरों का एक हैरान करने वाला मामला सूरजपुर से सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक ने घर में घुसने के लिए ऐसी तरकीब अपनाई, जिसे देखकर कोई भी चौंक जाए। पहचान छिपाने के लिए चादर ओढ़ी, पेड़ पर लकड़ियां ठोककर सीढ़ी बनाई और फिर बाउंड्री पार कर घर में दाखिल हो गया। हालांकि, चोर ने सीसीटीवी कैमरे से बचने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी यह चाल नाकाम रही। घर में लगे कैमरे ने उसकी पूरी गतिविधि रिकॉर्ड कर ली।
पेड़ पर लकड़ियां ठोककर तैयार किया रास्ता
सामने आए CCTV फुटेज में युवक घर की पिछली तरफ नजर आता है। बताया जा रहा है कि घर की ऊंची बाउंड्री पार करने के लिए उसने बाहर मौजूद पेड़ का सहारा लिया। चोर ने पेड़ के तने पर लकड़ी के बत्ते ठोककर सीढ़ीनुमा रास्ता तैयार किया, जिसके सहारे वह ऊपर चढ़ा और बाउंड्री के अंदर पहुंच गया।
चेहरे पर चादर, कैमरे को चकमा देने की कोशिश
घर में प्रवेश करते समय युवक ने खुद को चादर से ढक रखा था। माना जा रहा है कि उसने ऐसा अपनी पहचान छिपाने और CCTV कैमरे से चेहरा बचाने के लिए किया। लेकिन कैमरे ने उसकी चालाकी पकड़ ली। फुटेज में उसकी गतिविधियां साफ तौर पर रिकॉर्ड हुई हैं।
घर में घुसने के बाद चोरी की वारदात
बाउंड्री पार करने के बाद युवक घर के भीतर जाता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि इसके बाद उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज को जांच का अहम आधार बनाया गया है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
चोर की ‘तरकीब’ ने बढ़ाई चिंता
चादर से चेहरा ढकना हो या पेड़ पर लकड़ी ठोककर घर में पहुंचने का रास्ता बनाना, इस घटना में चोर ने चोरी के लिए कई तरकीबें अपनाईं। हालांकि, जिस CCTV से बचने के लिए उसने इतनी मशक्कत की, आखिरकार वही कैमरा उसकी पूरी करतूत का गवाह बन गया। फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद ही चोरी में उसकी वास्तविक भूमिका और नुकसान का पूरा विवरण सामने आएगा।