
Solid-state drive और Hard disk drive के बीच चुनाव करना आज भी कई यूजर्स के लिए मुश्किल होता है। ज्यादातर लोग सिस्टम स्लो होने पर सीधे SSD लगाने की सलाह देते हैं, क्योंकि यह लैपटॉप और पीसी की स्पीड को काफी बढ़ा देता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि HDD पूरी तरह बेकार हो चुका है। आज भी बड़ी स्टोरेज जरूरतों के लिए हार्ड ड्राइव कई लोगों की पहली पसंद बनी हुई है।
क्यों तेजी से बढ़ रही है SSD की डिमांड?
SSD यानी Solid State Drive आज के मॉडर्न लैपटॉप और पीसी में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला स्टोरेज विकल्प बन चुका है। इसकी सबसे बड़ी वजह इसकी तेज स्पीड है। HDD की तरह इसमें घूमने वाली डिस्क या मैकेनिकल पार्ट्स नहीं होते, बल्कि यह फ्लैश मेमोरी पर काम करता है। इसी कारण विंडोज कुछ सेकंड में बूट हो जाता है,एप्स तेजी से खुलते हैं, गेमिंग और वीडियो एडिटिंग स्मूद हो जाती है और सिस्टम पहले से ज्यादा फास्ट महसूस होता है। खासतौर पर NVMe SSD 5000MB/s से ज्यादा रीड स्पीड देने में सक्षम होते हैं, जिससे पुराने लैपटॉप की परफॉर्मेंस भी काफी बेहतर हो जाती है।
HDD आज भी क्यों है जरूरी?
भले ही SSD तेजी से लोकप्रिय हो रहा हो, लेकिन HDD की जरूरत अभी खत्म नहीं हुई है। इसकी सबसे बड़ी वजह कम कीमत में ज्यादा स्टोरेज मिलना है।भारत में 1TB HDD की कीमत करीब 3800 से 4500 रुपये तक होती है, 1TB SATA SSD लगभग 4300 से 5500 रुपये तक मिलता है, वहीं प्रीमियम NVMe SSD की कीमत 6000 रुपये से ऊपर पहुंच जाती है
अगर किसी यूजर को 4TB या 8TB जैसी बड़ी स्टोरेज चाहिए, तो HDD ज्यादा किफायती साबित होता है। इसी वजह से CCTV स्टोरेज, मूवी कलेक्शन, फैमिली फोटो बैकअप लंबे समय तक डेटा स्टोर करने जैसे कामों के लिए आज भी हार्ड ड्राइव का इस्तेमाल खूब किया जाता है।
गेमिंग और लैपटॉप में SSD क्यों बेहतर?
SSD में कोई मूविंग पार्ट नहीं होता, इसलिए यह झटकों और गिरने से HDD की तुलना में ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। इसके अलावा यह हल्का होता है, कम बिजली खर्च करता है, कम गर्मी पैदा करता है और बैटरी लाइफ बेहतर देता है। गेमिंग में भी SSD बड़ा फर्क दिखाता है क्योंकि गेम तेजी से लोड होते हैं और टेक्सचर जल्दी दिखाई देते हैं। वहीं HDD वाले पुराने सिस्टम भारी ऐप्स और नए अपडेट्स के बाद अक्सर स्लो महसूस होने लगते हैं।
आखिर किसे खरीदना रहेगा सही?
अगर आपकी प्राथमिकता तेज स्पीड, स्मूद परफॉर्मेंस, गेमिंग, वीडियो एडिटिंग, ऑफिस और डेली यूज है, तो SSD सबसे बेहतर विकल्प माना जाएगा। किन अगर आपका फोकस ज्यादा स्टोरेज, कम बजट, बैकअप,मूवी और फोटो स्टोरेज पर है, तो HDD आज भी शानदार विकल्प साबित हो सकता है। कई यूजर्स दोनों का कॉम्बिनेशन इस्तेमाल करते हैं, जहां SSD में ऑपरेटिंग सिस्टम और जरूरी ऐप्स रखे जाते हैं, जबकि HDD में बड़े डेटा और बैकअप स्टोर किए जाते हैं।