.jpeg)
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘आगाज’ के तहत छिंदगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर घेराबंदी कर एक मारुति ईको वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। वाहन में बोरियों और झोलों के अंदर छिपाकर शराब का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति ईको कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को छिंदगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुकमा की ओर से आ रही मारुति ईको कार क्रमांक AP-39-WP-5611 में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
सहायक उपनिरीक्षक अनंतज्ञानी मेश्राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में छिंदगढ़ थाने के सामने नेशनल हाईवे-30 पर नाकेबंदी की। इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए और नंबर वाली संदिग्ध मारुति ईको कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन के अंदर बोरियों और झोलों में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद हुई।
48.740 बल्क लीटर शराब और बीयर जब्त
पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की शराब और बीयर जब्त की। बरामद शराब में रॉयल चैलेंज व्हिस्की के 35 पौवा, जिनकी कुल मात्रा 6.300 लीटर है, जम्मू व्हिस्की के 48 पौवा, जिनकी मात्रा 8.640 लीटर है और सींबा प्रीमियम बीयर की 52 बोतलें शामिल हैं। बीयर की कुल मात्रा 33.800 लीटर बताई गई है।
इस तरह पुलिस ने कुल 48.740 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 23,680 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मारुति ईको कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
आंध्र प्रदेश का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख चिन्ना (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम जग्गम पालेम, थाना रम्पाचौड़ावरम, जिला ईस्ट गोदावरी, आंध्र प्रदेश का निवासी है। वर्तमान में वह ग्राम रोकेल, थाना छिंदगढ़, जिला सुकमा में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब की अवैध तस्करी के मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया।
छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
मामले में छिंदगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी शेख चिन्ना के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने अवैध शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान ‘आगाज’ के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर खपाने की तैयारी थी।