Surajpur News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। प्रतापपुर विकासखंड के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में पदस्थ शिक्षक का कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शिक्षक लड़खड़ाते हुए मोबाइल पर लोकेशन खोजते दिखाई दे रहे हैं, जबकि स्कूल परिसर में मौजूद ग्रामीण पूरे घटनाक्रम को देखकर हैरान नजर आते हैं। घटना सामने आने के बाद गांव में नाराजगी बढ़ गई है और मामले की शिकायत शिक्षा विभाग तक पहुंच गई है।

निरीक्षण के दौरान खुली पोल, ग्रामीणों ने बनाया वीडियो
जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर विकासखंड के पहाड़करवां प्राथमिक शाला में सरपंच और ग्रामीण स्कूल की व्यवस्था देखने पहुंचे थे। इसी दौरान शिक्षक कथित रूप से नशे की हालत में स्कूल पहुंचे। आरोप है कि वे बायोमेट्रिक या मोबाइल आधारित उपस्थिति दर्ज करने के लिए लोकेशन खोज रहे थे, लेकिन नशे के कारण ठीक से खड़े तक नहीं हो पा रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।

ग्रामीण बोले- बच्चों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
घटना के बाद ग्रामीणों ने शिक्षक के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मौके पर पंचनामा तैयार किया और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को लिखित शिकायत सौंप दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक की कार्यशैली से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और विद्यालय का शैक्षणिक माहौल लगातार खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

शिक्षा विभाग पर उठे सवाल, कार्रवाई का इंतजार
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता पर गंभीर असर पड़ेगा। फिलहाल, मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंच चुकी है और अब सभी की नजर इस बात पर है कि शिक्षा विभाग जांच के बाद क्या कदम उठाता है।