
सिलीगुड़ी। भाजपा नेता Suvendu Adhikari के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस सनसनीखेज मामले में Siliguri कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वारदात के दौरान जिस सफेद कार से चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोका गया था, उस पर लगा नंबर सिलीगुड़ी के शिवमंदिर निवासी जेम्स विलियम्स के नाम पर पंजीकृत निकला।
पुलिस जब जेम्स विलियम्स तक पहुंची तो पता चला कि हत्याकांड में इस्तेमाल की गई गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पूछताछ के लिए उन्हें माटीगाड़ा थाने ले जाया गया और उनकी कार को भी जांच के लिए जब्त कर लिया गया। अधिकारियों का मानना है कि अपराधियों ने असली वाहन मालिक को फंसाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए यह तरीका अपनाया।
जांच में एक और अहम कड़ी तब सामने आई जब पता चला कि जेम्स विलियम्स ने कुछ महीने पहले अपनी कार बेचने के लिए OLX पर विज्ञापन डाला था। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने वहीं से वाहन का नंबर हासिल कर उसका दुरुपयोग किया। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए रेकी तो नहीं की थी।
गौरतलब है कि बुधवार रात Madhyamgram में चंद्रनाथ रथ पर उस समय ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जब वह विधानसभा का काम खत्म कर लौट रहे थे। बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को रोककर बेहद करीब से गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का मानना है कि यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी और इसके पीछे बड़ी साजिश हो सकती है।