
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बगीचा थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स में बदमाशों ने देर रात एक मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर लाखों रुपये के महंगे स्मार्टफोन पार कर दिए। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी गए मोबाइलों की कीमत 60 से 70 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
शटर तोड़ा, दुकान खंगाली और लाखों का माल समेट ले गए
जानकारी के अनुसार, देर रात बदमाशों ने सुनसान का फायदा उठाकर दुकान का शटर तोड़ा और अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे महंगे स्मार्टफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान समेट लिया। सुबह जब दुकान संचालक मौके पर पहुंचे तो शटर टूटा मिला और अंदर का अधिकांश कीमती सामान गायब था।
पहले CCTV तोड़े, फिर वारदात को दिया अंजाम
चोर सिर्फ चोरी कर भागे ही नहीं, बल्कि अपनी पहचान छिपाने की भी पूरी कोशिश की। दुकान के अंदर लगे CCTV कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। माना जा रहा है कि बदमाशों ने सबूत मिटाने के इरादे से पहले निगरानी व्यवस्था को निष्क्रिय किया और उसके बाद आराम से वारदात को अंजाम दिया।
थाने के पास हुई चोरी से उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस दुकान को निशाना बनाया गया, वह बगीचा थाना के बेहद करीब स्थित है। इसके बावजूद बदमाश बिना किसी डर के चोरी कर फरार हो गए। इस घटना ने रात की गश्त और बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, व्यापारियों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। उधर, व्यापारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। चोरी की इस बड़ी वारदात ने पूरे जशपुर जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।