बिलासपुर : जिले में बढती सड़क दुर्घटनाओं और हो रही मौतों को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया हैं l सड़क दुर्घटनाओं में रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और आंतरिक क्षेत्रों में गति सीमा के संकेतक बोर्ड लगाने शुरू किये है l पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की हैं और चेतावनी दी है कि तय गति सीमा से अधिक वाहन चलाने पर ऑनलाइन कार्रवाई की जाएगी l

यातायात एएसपी रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है l इसके तहत शहर के विभिन्न मार्गों पर निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जा रहा है l 

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर के आंतरिक मार्गों पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है l वहीं स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, कलेक्ट्रेट एवं अन्य शासकीय कार्यालयों के आसपास 20 किलोमीटर प्रति घंटा तथा मोहल्लों, गलियों और रिहायशी क्षेत्रों में 30 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति सीमा तय की गई है l इन स्थानों पर गति सीमा संबंधी संकेतक बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस ने बताया कि प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों एवं इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार नजर रखी जा रही है l निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की जाएगी l पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का स्वेच्छा से पालन करें, ताकि अपनी तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके l