बिलासपुर : लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में आज सकरी व्यापारी संघ बंद का आह्वान किया है। व्यापारी संघ के आह्वान पर क्षेत्र के अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे गये l इसके साथ ही व्यापारियों ने बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

शहर में अधिकांश क्षेत्रों में आये दिन बिजली गुल की समस्या बनी हुई हैं जिससे हर वर्ग के लोगो को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं l जिससे परेशान होकर सकरी व्यापारी संघ ने सकरी का बंद का आह्वान किया हैं l व्यापारियों का कहना है कि पिछले लंबे समय से सकरी क्षेत्र में बिना सूचना के बार-बार बिजली गुल हो रही है, जिससे व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं आम नागरिक भी भीषण गर्मी और बिजली संकट से परेशान हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है।

व्यापारियों ने विद्युत विभाग से तत्काल बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने, अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है। बंद और प्रदर्शन को देखते हुए क्षेत्र में हलचल बनी हुई है। व्यापारी संघ ने आम लोगों से आवश्यक कार्यों के लिए पहले से योजना बनाकर निकलने और बंद के दौरान सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन की नजर भी पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।