बिलासपुर : ग्राम कुरेली स्थित विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर अमन साहू की करंट की चपेट में आने से हुई मौत के बाद उपजे आक्रोश के बीच शासकीय कार्य में बाधा और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में हिर्री पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने कथित तौर पर हंगामा कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले सात लोगों के खिलाफ त्वरित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

मामले में पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा तथा पीएसआई उषा निषाद के नेतृत्व में हिर्री पुलिस ने मौके की स्थिति को देखते हुए कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार विद्युत सब स्टेशन ऑपरेटर अमन साहू की मौत के बाद कुछ लोगों द्वारा आक्रोश के दौरान शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित करने की स्थिति बनी थी। इसे देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया। सातों आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

सात लोगों पर हुई कार्रवाई

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों में दीपक कौशिक (27), शुभम कौशिक (27), सत्यम कौशिक (30), उमाशंकर कौशिक (28), आयुष कौशिक (24), ओमप्रकाश कौशिक (32) और ललित कुमार कौशिक (24) शामिल हैं। सभी ग्राम कुरेली के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने दी चेतावनी

हिर्री पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी घटना को लेकर विरोध या नाराजगी जताने के नाम पर कानून हाथ में लेने, शासकीय कामकाज में बाधा डालने अथवा सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।