
बिलासपुर : राज्योत्सव के मेले में कहीं छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक है तो कहीं विकास की नई तस्वीर। इसी बीच दपूमरे का अनूठा प्रदर्शनी स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां रेलवे की उपलब्धियां सिर्फ तस्वीरों और आंकड़ों में नहीं दिखाई जा रहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक और रोचक गतिविधियों के जरिए लोगों को रेलवे की दुनिया से रूबरू कराया जा रहा है। बच्चे ट्रेन का इंजन चलाने का अनुभव ले रहे हैं, युवा वीआर गेम का आनंद उठा रहे हैं तो परिवार रेलवे स्टेशन के नए स्वरूप के साथ यादगार सेल्फी खिंचवा रहे हैं।
अटल नगर, नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित राज्योत्सव-2026 में दपूमरे ने ‘हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़’ थीम पर अपना विशेष स्टॉल तैयार किया है। इस स्टॉल में रेलवे की विकास यात्रा, अधोसंरचना विस्तार, आधुनिक तकनीक, नई रेल लाइन परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को इस अंदाज में प्रस्तुत किया गया है कि जानकारी के साथ मनोरंजन का भी पूरा इंतजाम है।
इंजन चलाने का अनुभव, बच्चों में खास उत्साह
स्टॉल में सबसे ज्यादा चर्चा आरएस वॉल्व सिमुलेटर की हो रही है। इसके जरिए आगंतुक ट्रेन इंजन के संचालन का अनुभव ले रहे हैं। खासकर बच्चों और युवाओं के लिए यह किसी रोमांच से कम नहीं है। सिमुलेटर के माध्यम से उन्हें समझने का मौका मिल रहा है कि ट्रेन के परिचालन में किस तरह तकनीक और नियंत्रण की भूमिका होती है। वहीं, वीआर गेम जोन भी युवाओं को अपनी ओर खींच रहा है।
रायपुर स्टेशन की बदलेगी तस्वीर, मॉडल में दिखा आधुनिक स्वरूप
रेलवे स्टॉल में रायपुर रेलवे स्टेशन के मेजर रि-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का आकर्षक मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है। इसमें पुनर्विकास के बाद स्टेशन किस तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस और भव्य स्वरूप में नजर आएगा, इसकी झलक मिल रही है। बड़ी स्क्रीन पर दिखाई जा रही वॉक-थ्रू फिल्म के जरिए लोग प्रस्तावित स्टेशन परिसर और यात्री सुविधाओं को करीब से देख पा रहे हैं।
क्विज में ज्ञान की परीक्षा
स्टॉल के प्रवेश द्वार पर लगी डिजिटल स्क्रीन पर रेलवे से जुड़ी रोचक क्विज लोगों की दिलचस्पी बढ़ा रही है। बच्चे और युवा उत्साह के साथ सवालों के जवाब दे रहे हैं। बेहतर प्रदर्शन कर सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जा रहा है। इस तरह मनोरंजन के बीच रेलवे से जुड़ी जानकारी हासिल करने का अवसर भी मिल रहा है।
3डी स्क्रीन पर रेलवे की उपलब्धियों की झलक
स्टॉल के स्वागत द्वार पर लगी 3डी एनामॉर्फिक स्क्रीन भी लोगों का ध्यान खींच रही है। इस पर रेलवे की पिछले वर्ष और वर्तमान वर्ष की प्रमुख उपलब्धियों को आधुनिक दृश्य तकनीक के जरिए प्रदर्शित किया जा रहा है। वहीं, बड़ी स्क्रीन पर दपूमरे की विकास यात्रा पर आधारित फिल्म दिखाई जा रही है। प्रवेश द्वार के ऊपर लगा वंदे भारत ट्रेन का विशाल कटआउट भी स्टॉल को अलग पहचान दे रहा है।
परियोजनाओं से लेकर यात्री सुविधाओं तक की जानकारी
स्टॉल के भीतर आकर्षक बैकलिट पैनल्स के माध्यम से नई रेल लाइन परियोजनाओं, पूर्ण हो चुके कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं, अधोसंरचना विकास और यात्री सुविधाओं की जानकारी दी गई है। इससे आगंतुकों को यह समझने का अवसर मिल रहा है कि छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में किस तरह के कार्य किए जा रहे हैं।
