अमरोहा: उत्तर प्रदेश के Amroha में आज सुबह जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह 8:38 बजे एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें न्यायालय परिसर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया।
ईमेल में तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का उल्लेख करते हुए न्यायालय परिसर के जज चैंबर में “12 आरडीएक्स बम” लगाए जाने की बात लिखी गई थी और निर्धारित समय से पहले परिसर खाली कराने की चेतावनी दी गई। संदेश के अंत में आईएसआई और एलटीटीई के नाम दर्ज थे, हालांकि इन दावों की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक Amit Kumar Anand के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तत्काल कचहरी परिसर पहुंचीं। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से सघन तलाशी अभियान चलाया। एहतियातन अदालत परिसर की घेराबंदी कर दी गई और प्रवेश को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया है।
अधिवक्ताओं और वादकारियों की सुरक्षा जांच के बाद ही उन्हें भीतर जाने की अनुमति दी गई। पूरे परिसर की तकनीकी और मैनुअल सर्चिंग की जा रही है। फिलहाल, किसी संदिग्ध वस्तु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। साइबर सेल ईमेल की उत्पत्ति का पता लगाने में जुटी है। जांच एजेंसियां आईपी एड्रेस, सर्वर लोकेशन और डिजिटल ट्रेल खंगाल रही हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि धमकी वास्तविक है या दहशत फैलाने की साजिश। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।





