
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक भाजपा नेता ने सरकारी दफ्तर में घुसकर पटवारी और ऑपरेटर के साथ मारपीट की। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले ने प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर हलचल मचा दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी स्थित पटवारी कार्यालय की है। यहां पदस्थ पटवारी प्रकाश मंडल अपने काम में व्यस्त थे, तभी भाजपा नेता जितेंद्र कुजूर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने राजस्व निरीक्षक (RI) का मोबाइल नंबर मांगा, जिस पर पटवारी ने सामान्य प्रक्रिया बताते हुए दीवार पर लिखा नंबर देखने की बात कही।
बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर नेता भड़क गए और उन्होंने पटवारी पर हमला कर दिया। लात-घूंसे और डंडे से की गई पिटाई में बीच-बचाव करने आए ऑपरेटर को भी नहीं बख्शा गया। जान बचाने के लिए पटवारी को बाहर भागना पड़ा, लेकिन वहां भी आरोपी ने उनका पीछा कर मारपीट की। अंततः पटवारी ने खुद को कमरे में बंद कर किसी तरह अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही पटवारी संघ सक्रिय हो गया और मामला प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंचा। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की। इसके बाद देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी नेता को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस घटना के बाद पटवारी संघ ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी का सार्वजनिक जुलूस निकालने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
वहीं, आरोपी नेता के सोशल मीडिया प्रोफाइल को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी अपने दबंग अंदाज के वीडियो पोस्ट करता रहा है, जिनमें हथियारों के साथ उसकी तस्वीरें और राजनीतिक हस्तियों के साथ फोटो शामिल हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
