बिलासपुर : छठ महापर्व की तैयारियां शुरू होते ही तोरवा स्थित अरपा तट पर रौनक बढ़ने लगी है। चार दिनों तक यहां सूर्य उपासना, लोक परंपरा और सामूहिक आस्था का अनूठा दृश्य दिखाई देगा। 13 नवंबर से शुरू होने वाले इस महापर्व में हजारों व्रती अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। 26 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह उत्सव अब बिलासपुर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा, यातायात और बुनियादी सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

महापर्व की तैयारियों को अंतिम रूप देने मंगलवार को छठ घाट परिसर में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों तथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों की अहम बैठक हुई। बैठक में साफ संकेत दिए गए कि इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अधिकारियों ने बैठक के बाद घाट का निरीक्षण भी किया और सभी संबंधित विभागों को तय समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

आस्था के महासंगम में सुरक्षा का घेरा, ड्रोन से होगी निगरानी

छठ महापर्व के दौरान तोरवा घाट और आसपास के इलाकों में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि घाट तक प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग व्यवस्था बनाई जाएगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग भी अलग-अलग निर्धारित होगी, जबकि भारी वाहनों को तय डायवर्सन रूट से निकाला जाएगा।

घाट और आसपास के मार्गों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। खास बात यह है कि 50 से अधिक पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भीड़ के बीच तैनात रहेंगे, जो संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती होगी। एसएसपी ने बताया कि वे स्वयं पिछले तीन वर्षों से इस आयोजन से जुड़े रहे हैं। इस बार सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। तैयारियों की समीक्षा के लिए 12 नवंबर को दोबारा बैठक होगी।

दोपहर 1 बजे से भारी वाहनों पर रोक की मांग

आयोजन समिति ने प्रशासन के सामने श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कई अहम मुद्दे रखे। समिति अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि घाट पर श्रद्धालुओं का पहुंचना दोपहर 2 बजे से ही शुरू हो जाता है। ऐसे में दोपहर 1 बजे से भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि पर्व के बाद हजारों व्रती और श्रद्धालु एक साथ अपने घरों की ओर लौटते हैं। इस दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पहले से प्रभावी यातायात प्लान तैयार करना जरूरी है। समिति ने सुबह से ही पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की, ताकि निर्धारित व्यवस्था से पहले घाट पर स्थान घेरने वालों पर नियंत्रण रखा जा सके। दुकानों के संचालन के दौरान विवाद और अव्यवस्था रोकने के लिए भी पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग से एंबुलेंस, नगर निगम से अग्निशमन वाहन और आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम करने की मांग रखी गई।

बिजली व्यवस्था के लिए जनरेटर की भी मांग

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र कुमार दास ने वन विभाग परिसर में स्थित क्षतिग्रस्त विद्युत खंभे को हटाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन में बिजली व्यवस्था का निर्बाध रहना बेहद जरूरी है। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर डीजल जनरेटर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई, ताकि किसी तकनीकी खराबी या बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में आयोजन प्रभावित न हो।

दो प्रमुख सड़कों को समय पर पूरा कराने के निर्देश

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि तोरवा का छठ महापर्व बिलासपुर की पहचान बन चुका है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। पिछले वर्षों में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बैठक की गई है। अधिकारियों को सभी जरूरी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विशेष रूप से गुरु नानक चौक से छठ घाट और राजकिशोर नगर से छठ घाट तक आने वाले दोनों प्रमुख मार्गों पर चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दोनों सड़कों का काम समय पर पूरा किया जाए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

13 नवंबर को अरपा मैया की महाआरती, आतिशबाजी से जगमगाएगा घाट

छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने बताया कि चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इसी दिन शाम को अरपा मैया की भव्य महाआरती और दीपदान किया जाएगा। इस अवसर पर शानदार आतिशबाजी भी होगी, जो आयोजन का विशेष आकर्षण बनेगी।

चार दिन, चार परंपराएं और सूर्य उपासना का महापर्व

·         13 नवंबर – नहाय-खाय: शुद्धता और पवित्रता के संकल्प के साथ महापर्व का शुभारंभ। शाम को अरपा मैया की महाआरती और दीपदान।

·         14 नवंबर – खरना: व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को पूजा-अर्चना के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे।

·         15 नवंबर – संध्या अर्घ्य: अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। घाट पर आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ेगा।

·         16 नवंबर – उषा अर्घ्य: उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

बिना पुरोहित सीधे सूर्यदेव की आराधना

कार्यकारी अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र कुमार दास ने कहा कि छठ महापर्व अब बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमाओं से निकलकर देश के कोने-कोने में आस्था का बड़ा पर्व बन चुका है। छत्तीसगढ़ में भी इसकी परंपरा ने भव्य स्वरूप ले लिया है। संतान की सुख-समृद्धि, परिवार के कल्याण और मंगलकामना के लिए हजारों व्रती अरपा तट पर पहुंचते हैं। छठ पर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सहजता और प्रकृति से जुड़ाव है। इस पूजा में किसी पुरोहित अथवा पुजारी की अनिवार्यता नहीं होती। व्रती स्वयं सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं और छठी मैया की आराधना करते हैं। प्रत्यक्ष देवता सूर्य और जीवनदायिनी प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला यह पर्व कठिन तपस्या, अनुशासन, पवित्रता और अटूट लोक आस्था का प्रतीक है।

26 साल की परंपरा ने बनाया बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान

पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त तत्वावधान में पिछले 26 वर्षों से आयोजित हो रहा यह महापर्व अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं रह गया है। यह विभिन्न समाजों को जोड़ने, लोक संस्कृति को जीवंत रखने और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला उत्सव बन चुका है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि प्रशासन के सहयोग और श्रद्धालुओं की सहभागिता से इस बार भी तोरवा का छठ घाट आस्था के महासागर में तब्दील होगा। अरपा के जल में सूर्य की लालिमा, हजारों दीपों की रोशनी और छठी मैया के जयकारों के बीच बिलासपुर एक बार फिर देशभर में अपनी सांस्कृतिक पहचान का भव्य दृश्य प्रस्तुत करेगा।