बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आज तड़के एक पब में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने कई घंटों तक परिसर में तलाशी अभियान चलाया।

कुछ ही मिनटों में आग ने लिया विकराल रूप
प्रशासन के अनुसार, आग आधी रात के आसपास चतुचक (Chatuchak) जिले में स्थित 'रोंग बीर ना लाट फ्राओ' (Rong Beer Na Lat Phrao) नामक पब में लगी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई, जिससे अंदर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग मुख्य निकास की ओर भागे, जबकि कुछ धुएं और आग से बचने के लिए इमारत के अंदर ही सुरक्षित स्थान तलाशने लगे।

टॉयलेट में फंसे लोगों की नहीं बच सकी जान
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कई लोगों ने आग और धुएं से बचने के लिए पब के वॉशरूम में शरण ली, लेकिन यही फैसला उनके लिए घातक साबित हुआ। दमकल कर्मियों को तलाशी अभियान के दौरान कई शव वॉशरूम के भीतर मिले। प्रारंभिक आशंका है कि इनमें से अधिकांश की मौत दम घुटने और आग की चपेट में आने से हुई।