
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। अशदार गली इलाके में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक आतंकवादी को मार गिराया। इलाके में एक और आतंकी के छिपे होने की आशंका के चलते अभियान अभी जारी है।
जंगल में छिपे आतंकियों की सूचना पर शुरू हुआ ऑपरेशन
सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सेना, पुलिस और CRPF ने संयुक्त रूप से अशदार गली के जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया। घेराबंदी के दौरान संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। मौके से AK राइफल और युद्ध संबंधी अन्य सामान बरामद किया गया है।
दूसरे आतंकी की तलाश में जंगल खंगाल रहे जवान
एक आतंकी के मारे जाने के बावजूद सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन खत्म नहीं किया है। दूसरे संदिग्ध आतंकी की तलाश में जंगल के आसपास के इलाके को घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल हर संभावित ठिकाने की जांच कर रहे हैं। फिलहाल, मारे गए आतंकी की पहचान और उसके संगठन से जुड़े विवरण सामने नहीं आए हैं। सुरक्षाबलों की ओर से इलाके में अभियान जारी रहने के कारण अधिक जानकारी का इंतजार है।