
गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि विशेष जांच दल (SIT) की जांच, विभागीय जांच रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी को देहरादून स्थित उसके आवास से हिरासत में लिया गया।
विभागीय जांच के बाद दर्ज हुई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने बदरीनाथ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 2 जुलाई को थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष के निर्देश पर विभागीय जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल पर कथित रूप से थाली भेंट की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को निजी लाभ के लिए अपने कब्जे में लेने के आरोप सामने आए, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
SIT ने खंगाले CCTV और अन्य साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट की निगरानी में जांच आगे बढ़ाई गई, जबकि विवेचना की जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक महादेव प्रसाद उनियाल को सौंपी गई। जांच के दौरान थाली भेंट गणना कक्ष के सीसीटीवी फुटेज की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस के अनुसार, फुटेज में आरोपी कई बार गणना कक्ष से कथित रूप से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाता दिखाई दिया।
देहरादून से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने रविवार रात करीब 10 बजे देहरादून स्थित आरोपी के आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।