बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। गंगालूर थाना क्षेत्र के डोडीतुमनार पहाड़ी इलाके में जवानों ने नक्सलियों द्वारा तैयार किए गए एक गुप्त बंकर का पता लगाकर भारी मात्रा में विस्फोटक और तकनीकी उपकरण बरामद किए हैं। पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच छिपाकर रखे गए इस डंप को नक्सली लंबे समय से गतिविधियों के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। बरामद सामग्री में देशी BGL लॉन्चर, बैटरियां, वायर और अन्य उपकरण शामिल हैं, जिससे बड़े हमले की तैयारी की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस को यह सफलता मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर मिली। सूचना मिलते ही गंगालूर पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान जवानों को एक छिपा हुआ बंकर मिला, जहां नक्सलियों ने विस्फोटक सामग्री और तकनीकी उपकरण जमा कर रखे थे। सुरक्षाबलों ने मौके से होंडा कंपनी के दो जनरेटर, दो लेथ मशीन, एक इन्वर्टर, चार बैटरियां, 50 मीटर कार्डेक्स वायर, प्लास्टिक कंटेनर और एक देशी BGL लॉन्चर जब्त किया है।WhatsApp-Image-2026-05-11-at-12.15.31-PM

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल सुरक्षाबलों को निशाना बनाने और जंगलों में ऑपरेशन बाधित करने के लिए किया जाना था। बीजापुर और आसपास के इलाकों में लगातार चल रहे एंटी-नक्सल ऑपरेशन के चलते माओवादी संगठन कमजोर पड़ते दिखाई दे रहे हैं। जवान अब बंकर से मिले सुरागों के आधार पर इलाके में सक्रिय नक्सली नेटवर्क और उनके सहयोगियों की तलाश में जुट गए हैं।

इसी बीच नक्सल मोर्चे पर एक और बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा पर सक्रिय 5 लाख की इनामी महिला माओवादी पोडियम लक्ष्मी ने आत्मसमर्पण कर दिया है। लंबे समय से PLGA बटालियन में सक्रिय रही लक्ष्मी ने सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर पुलिस के सामने सरेंडर किया। अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को रोजगार, पुनर्वास और सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा, ताकि वे मुख्यधारा से जुड़कर सामान्य जीवन जी सकें।