बिलासपुर : गैराज से निकलकर अभी सड़क पर कुछ दूर ही पहुंची थी कि अचानक कार के इंजन से धुएं का गुबार उठने लगा। जब तक मैकेनिक कुछ समझ पाता, आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। सामने मौत को करीब देखकर मैकेनिक ने एक पल की भी देरी नहीं की और चलती कार से छलांग लगा दी। उसकी यह सूझबूझ ने उसकी जान बच गई। देखते ही देखते सड़क पर दौड़ती कार आग के गोले में तब्दील हो गई।

यह सनसनीखेज घटना बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नया बस स्टैंड मेन रोड की है। जानकारी के अनुसार एक हुंडई कार रिपेयरिंग के लिए आई थी। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद मैकेनिक कार को टेस्ट ड्राइव के लिए सड़क पर लेकर निकला था। इसी दौरान अचानक कार के इंजन से धुआं निकलने लगा। खतरे का अंदेशा होते ही मैकेनिक ने तत्काल गाड़ी से छलांग लगा दी। उसके कार से उतरते ही आग ने तेजी से पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटों में घिरी कार, सड़क पर मची भगदड़

चलती कार में अचानक आग लगने से नया बस स्टैंड के पास अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे लोग कुछ देर के लिए सहम गए। कार से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने आसपास के इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

मैकेनिक सुरक्षित, आग लगने की वजह नहीं हुआ खुलासा

इस हादसे में मैकेनिक ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, कार में आग आखिर किस वजह से लगी, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या कोई अन्य कारण इसकी वजह बना, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।