
बिलासपुर : भरोसे की आड़ में शुरू हुआ रिश्ता कब ब्लैकमेलिंग का हथियार बन गया, मेडिकल कारोबारी को इसका अंदाजा तब हुआ जब निजी संबंधों का हवाला देकर उससे पैसों की मांग शुरू हो गई। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले ने कारोबारी जगत में भी हलचल मचा दी है। आरोप है कि एक युवती ने पहले नजदीकियां बढ़ाई, फिर निजी संबंधों को सार्वजनिक कर बदनाम करने की धमकी देकर मेडिकल व्यवसायी से करीब 4 लाख रुपए वसूल लिए। रकम मिलने के बाद भी कथित तौर पर उसकी मांगें बंद नहीं हुई। लगातार फोन और धमकियों से परेशान होकर आखिरकार कारोबारी ने पुलिस की शरण ली।
नौकरी देने वाले को ही बनाया निशाना
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार मेडिकल व्यवसायी ने युवती को जरूरतमंद समझकर अपने संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दी थी। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत और नजदीकियां बढ़ने लगीं। आरोप है कि युवती ने कारोबारी के साथ प्रेम संबंध बनाए और बाद में दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी स्थापित हुए। कुछ समय बाद युवती की शादी दूसरे युवक से हो गई। इससे कारोबारी को लगा कि अब यह मामला खत्म हो गया है, लेकिन कहानी ने कुछ समय बाद नया मोड़ ले लिया।
शादी टूटी तो शुरू की वसूली
शिकायत के अनुसार युवती की शादी ज्यादा समय तक नहीं चली और वह पति से अलग हो गई। इसके बाद उसने एक बार फिर मेडिकल कारोबारी से संपर्क करना शुरू कर दिया। आरोप है कि पुराने संबंधों और निजी पलों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे पैसों की मांग की जाने लगी। सामाजिक प्रतिष्ठा और बदनामी के डर से कारोबारी शुरुआत में दबाव में आ गया।
चार लाख देने के बाद भी करती रही पैसों की मांग
आरोप है कि युवती लगातार फोन कर कारोबारी पर पैसे देने का दबाव बनाती रही। बदनामी के डर से पीड़ित ने कुछ रकम ऑनलाइन ट्रांसफर भी की। धीरे-धीरे यह रकम करीब 4 लाख रुपए तक पहुंच गई। इसके बावजूद कथित तौर पर पैसों की मांग जारी रही। जब धमकियां और दबाव का सिलसिला बड़ने लगा, तो कारोबारी ने पूरे मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज करा दी।
पुलिस ने दर्ज किया एक्सटॉर्शन का मामला
मामले की शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एक्सटॉर्शन का अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब शिकायत में बताए गए लेनदेन, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, फोन कॉल और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।