बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेषण गृह में चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद फरार हुए चार आरोपियों में से तीन को पुलिस ने अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चौथे आरोपी की तलाश के लिए कई राज्यों में लगातार दबिश दी जा रही है।

राज्य बदल-बदलकर छिपते रहे आरोपी
घटना के बाद सभी आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग राज्यों में जाकर छिप गए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर उनकी तलाश शुरू की। सबसे पहले एक आरोपी को प्रयागराज से पकड़ा गया। इसके बाद दो अन्य आरोपियों को बिहार की राजधानी पटना और कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बिलासपुर लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

चौकीदार की बेरहमी से की गई थी हत्या
पुलिस जांच के अनुसार, घटना के दौरान चारों आरोपियों ने चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे पर एक साथ हमला कर दिया। पहले उनके साथ मारपीट की गई, फिर हाथ-पैर बांध दिए गए। इसके बाद गला दबाकर और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद पूरे मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर व्यापक जांच शुरू की गई।

पहले किशोर अपराधी, अब बालिग होने पर थे विशेष यूनिट में
जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी पूर्व में किशोरावस्था के दौरान अलग-अलग मामलों में कानून के दायरे में आ चुके थे। हालांकि हत्या के समय वे सभी बालिग हो चुके थे। इसी कारण उन्हें बाल संप्रेषण गृह की विशेष 'प्ले सेफ सेफ्टी यूनिट' में रखा गया था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने घटना की योजना कैसे बनाई और सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर चूक हुई।

फरार आरोपी की तलाश तेज
मामले का चौथा आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद पूरे हत्याकांड की साजिश, घटनाक्रम और अन्य पहलुओं का खुलासा होने की संभावना है।