
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर का सिरगिट्टी इलाका इन दिनों अपराधियों का सबसे सुरक्षित अड्डा बन गया है। यहां लगातार हो रहे अपराधी घटनाओं ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेआम मर्डर और रेप जैसी खौफनाक घटनाएं यहां अब रोजमर्रा की बात हो गई हैं।
इलाके सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और आम जनता का पुलिस प्रशासन पर से भरोसा उठने लगा है। सिरगिट्टी थाना इलाके में अपराधियों में पुलिस का खौफ लगभग खत्म होने लगा है। लगातार हो रही अपराधी घटनाएं इस बात का प्रमाण है कि पुलिस क्षेत्र में अपराधियों पर लगाम कसने में कहीं ना कहीं फेल हो रही है । क्षेत्र लगातार सामने आ रहे इन गंभीर अपराधों से बुरी तरह सहमा हुआ है।
हाल ही में एक निजी स्कूल में गुरु और शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया। यहां एक पंद्रह साल की मासूम छात्रा के साथ उसी के शिक्षक राहुल बंगारु ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
आरोपी शिक्षक ने बन्नाक चौक के पास छात्रा को किताब दिलाने का लालच दिया। इसके बाद वह उसे एक होटल में ले गया और डरा धमका कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
जब डरी हुई छात्रा ने हिम्मत जुटाकर स्कूल के प्रिंसिपल को यह बात बताई तो उन्होंने मामले को दबाने की पूरी कोशिश की। इसके बाद मामले में सिरगिट्टी पुलिस का रवैया भी बेहद असंवेदनशील और टालमटोल वाला रहा।
पुलिस ने तुरंत केस दर्ज करने के बजाय थाना क्षेत्र के अधिकार का बहाना बनाया। पीड़ित परिवार को दिन भर पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी में घुमाया गया लेकिन उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
जब यह मामला जिले के एसएसपी रजनेश सिंह तक पहुंचा तब जाकर उनके सख्त निर्देश पर पुलिस जागी। इसके बाद ही आरोपी शिक्षक के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया गया।
पुलिस की इसी सुस्त और लापरवाह कार्यप्रणाली का नतीजा है कि इलाके में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। अभी हाल ही में एक महिला ने अपने फेसबुक प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया।
झारखंड की पूनम ने अपने पति विनोद को दस हजार रुपये दिलाने का झांसा देकर बिलासपुर बुलाया था। यहां रेलवे ट्रैक के पास प्रेमी सुगड टोपनो ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पति का गला घोंट दिया।
गला घोंटने के बाद चाकू से गला रेत कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद पत्नी आराम से अकेली घर लौट गई और अपने ही परिवार से झूठ बोलती रही।
अवैध संबंधों के शक में हत्या का एक और दिल दहला देने वाला मामला तिफरा बाजार चौक से सामने आया। यहां सरेआम एक फल ठेला संचालक मनीष गोस्वामी की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई।
मनीष अपनी पत्नी पूजा की दुकान के पास खड़ा था। तभी नकाब पहने दुर्गेश साहू वहां पहुंचा और पीछे से मनीष पर चाकू से ताबड़तोड़ जानलेवा वार कर दिए।
पत्नी ने जब बीच बचाव करते हुए नकाब खींचा तब जाकर आरोपी की पहचान हो सकी। बाद में सिरगिट्टी पुलिस ने भाग रहे आरोपी दुर्गेश को रायपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
एक के बाद एक हो रहे इन जघन्य अपराधों ने पुलिस की चौकसी की पूरी तरह से पोल खोल कर रख दी है। आम जनता में खौफ के साथ साथ पुलिस के खिलाफ भारी गुस्सा भी देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि सिरगिट्टी पुलिस अपराध रोकने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। अगर पुलिस ने जल्द ही अपना रवैया नहीं बदला तो स्थानीय निवासी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन और चक्का जाम करेंगे।