बिलासपुर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को बिलासपुर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा । जिला मुख्यालय सहित शहर के स्कूल-कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए । मुख्य समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली ।

मुख्य समारोह में पहुंचने पर पुलिस बैंड ने केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू का स्वागत किया । इसके बाद राष्ट्रगान की धुन के बीच तिरंगा फहराया गया । परेड कमांडर के नेतृत्व में जवानों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी । मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया । इस दौरान पुलिस बैंड ने सारे जहां से अच्छासहित देशभक्ति गीतों की धुन प्रस्तुत की । हर्ष फायर के साथ परेड की सलामी लेने के बाद जवानों ने शानदार मार्च पास्ट किया ।

छात्राओं ने प्रस्तुत किया रंगारंग कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी । गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में देशप्रेम का जज्बा भर दिया । कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

समारोह के दौरान बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस जवानों को भी सम्मानित किया गया । मुख्य अतिथि ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की । सम्मान समारोह के दौरान प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया गया ।

यातायात व्यवस्था के लिए विशेष रूट प्लान

स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए यातायात पुलिस ने आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की । समारोह स्थल के आसपास भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए आमजन, वीआईपी और स्कूल बसों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए ।

मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचने वाले अतिथियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए । यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की । इस तरह पूरे बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के साथ मनाया गया ।