बिलासपुर: बिलासपुर में ट्रिपल तलाक से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां फैमिली कोर्ट परिसर के बाहर एक पति ने अपनी पत्नी को सरेआम तीन बार ‘तलाक’ बोलकर रिश्ता खत्म करने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला अधिनियम, ट्रिपल तलाक कानून और धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी करीब दो साल पहले बिलासपुर निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना शुरू हो गई। लगातार विवाद और प्रताड़ना से परेशान होकर महिला अपने मायके लौट आई थी। इसके बाद उसने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया, जिसकी जांच फिलहाल जारी है।

इसी बीच महिला ने अपने भरण-पोषण के लिए फैमिली कोर्ट में आवेदन लगाया था। मामले की सुनवाई के सिलसिले में वह अपने परिजनों के साथ कुटुंब न्यायालय पहुंची थी। सुनवाई के दौरान जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के लिए जैसे ही वह कोर्ट परिसर से बाहर निकली, तभी आरोपी पति ने उसे बीच सड़क पर रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने महिला पर परिवार बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में पत्नी को “अब कभी अपना चेहरा मत दिखाना” कहते हुए तीन बार ‘तलाक’ बोल दिया। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता सीधे सिविल लाइन थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।