
बिलासपुर : शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम नागरिकों के बीच पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने स्मार्ट बीट प्रणाली की शुरुआत कर दी है । इस नई व्यवस्था के तहत 48 बीट प्रभारियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी बीट प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नई बाइक पर हरी झंडी दिखाकर पेट्रोलिंग के लिए रवाना किया । पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराधों की रोकथाम में तेजी आएगी।
24 घंटे होगी बीट पेट्रोलिंग
नई व्यवस्था के तहत शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक थाना एवं चौकी क्षेत्र को अलग-अलग बीट में विभाजित किया गया है । प्रत्येक बीट प्रभारी निर्धारित 24 घंटे शिफ्ट के अनुसार राउंड-द-क्लॉक गश्त करेगा, जिससे हर क्षेत्र में पुलिस की निरंतर मौजूदगी बनी रहेगी।
हाईटेक सुविधाओं से लैस हैं नई बाइक
बीट प्रभारियों को दी गई मोटरसाइकिलों में आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें लाल बत्ती, नीली बत्ती, सायरन और वायरलेस सेट से लैस आवश्यक उपकरण शामिल हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी ।
अपराधों पर रहेगी विशेष नजर
बीट प्रभारी अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए अपराधों पर विशेष कार्रवाई करेंगे l जुआ और सट्टा, नशे का अवैध कारोबार, चोरी एवं लूट छेड़खानी और महिलाओं से जुड़े अपराध, असामाजिक एवं अवैध गतिविधियां, भूमि विवाद और अन्य कानून-व्यवस्था संबंधी मामले, साथ ही स्थानीय नागरिकों से लगातार संपर्क बनाकर उनकी समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित करेंगे l
बेहतर कार्य पर मिलेगा पुरस्कार, लापरवाही पर कार्रवाई
एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीट प्रभारियों को विभागीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा । वहीं, अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी ।
तीन स्तर पर होगी नियमित मॉनिटरिंग
बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी । थाना प्रभारी प्रत्येक सप्ताह समीक्षा करेंगे । सीएसपी एवं एसडीओपी हर 15 दिन में बैठक लेकर कार्यों की प्रगति जांचेंगे l अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) प्रत्येक माह समीक्षा करेंगे । इन सभी स्तरों से प्राप्त रिपोर्ट का अंतिम मूल्यांकन स्वयं एसएसपी रजनेश सिंह करेंगे।
हर बीट प्रभारी को रखने होंगे महत्वपूर्ण रजिस्टर
स्मार्ट एवं पारदर्शी पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए प्रत्येक बीट प्रभारी को रजिस्टर नियमित रूप से मेंटेन करने के निर्देश दिए गए हैं l जिसमें बीट रजिस्टर, बीट डायरी, अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, गुंडा सूची रजिस्टर, जनसंपर्क रजिस्टर, शिकायत एवं सूचना रजिस्टर, किरायेदार सत्यापन रजिस्टर और भूमि विवाद रजिस्टर शामिल हैं l
पुलिस का मानना है कि इस नई बीट प्रणाली से अपराधों की रोकथाम, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया, जनसंपर्क और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा ।