छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद रायगढ़ प्रशासन ने भी सतर्कता बरती है। पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में मुर्गी दुकानों और पोल्ट्री फार्मों पर निगरानी शुरू कर दी है। पिछले पांच दिनों में बिलासपुर के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में करीब 5 हजार मुर्गियों की रहस्यमय मौत के बाद सैंपल भोपाल भेजे गए थे, जहां बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। 

Raigarh poultry farm inspection after bird flu alert in Chhattisgarh

रायगढ़ में भी बिलासपुर से चूजों की सप्लाई होने की वजह से प्रशासन ने एहतियात बरती है। अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि यदि किसी भी मुर्गे या मुर्गी की असामान्य मौत होती है, तो उसकी तुरंत सूचना प्रशासन को दी जाए। इसके अलावा, पशु चिकित्सा विभाग के फील्ड स्टाफ ने विभिन्न क्षेत्रों में मुर्गी दुकानों और पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण शुरू कर दिया है। दुकानदारों और पोल्ट्री संचालकों को सतर्क रहने और संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत देने के लिए कहा गया है।

इससे पहले, फरवरी 2025 में रायगढ़ में भी बर्ड फ्लू पाया गया था, जब सरकारी पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों की संदिग्ध मौतें हुई थीं। उस समय भी सैंपल भेजे गए थे, जिसके बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। 

सरकारी पोल्ट्री फार्म के प्रभारी डॉ. डीआर प्रधान ने कहा कि फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी जारी रहेगी।