अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में दहशत का पर्याय बन चुके कबरा हाथी को लेकर वन विभाग ने अपनी रणनीति बदल दी है। अब इस आक्रामक हाथी को ट्रेंकुलाइज कर प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ने के बजाय सीधे रमकोला स्थित रेस्क्यू सेंटर ले जाने का फैसला किया गया है। यह हाथी अब तक 18 लोगों की जान ले चुका है। लगातार हो रही जनहानि और हाथी के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए वन विभाग ने यह कदम उठाया है।

पहले वन विभाग की योजना थी कि कबरा हाथी को बेहोश कर उसके गले में रेडियो कॉलर (कॉलर आईडी) लगाया जाएगा और फिर तमोर पिंगला के घने जंगल में छोड़ दिया जाएगा। इस जंगल को इसलिए उपयुक्त माना जा रहा था, क्योंकि यहां हाथी के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा और पानी उपलब्ध है। हालांकि, अधिकारियों का मानना है कि केवल जंगल में छोड़ने और कॉलर लगाने से हाथी के व्यवहार में बदलाव आने की संभावना कम है। इसी वजह से अब उसे रेस्क्यू सेंटर में रखने की तैयारी की जा रही है।

कुमकी हाथी की मदद से ट्रक में लोड किया जाएगा कबरा हाथी

वन विभाग की नई रणनीति के तहत कबरा हाथी को पहले ट्रेंकुलाइज किया जाएगा। इसके बाद कुमकी हाथी की मदद से उसे ट्रक में लोड कर रमकोला रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया जाएगा। इस पूरे ऑपरेशन के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम भी पहुंच रही है।

रेस्क्यू सेंटर में हाथी को क्राल में रखा जाएगा। क्राल लोहे के गर्डर या मोटी लकड़ियों से तैयार किया जाने वाला विशेष घेरा होता है। इसमें हाथी की गतिविधियां सीमित रहती हैं और वह मुख्य रूप से खड़ा रह सकता है। वन विभाग का उद्देश्य हाथी को आबादी से दूर सुरक्षित रखना और भविष्य में उससे होने वाली जनहानि को रोकना है।

उमेश्वरपुर में महिला को कुचलकर मार डाला

कबरा हाथी ने बुधवार रात करीब 11 बजे सूरजपुर जिले के प्रेमनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर में एक और महिला की जान ले ली। मृतका की पहचान 45 वर्षीय दिलासो बाई के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, गांव में हाथी के पहुंचने की सूचना मिलने पर दिलासो बाई अपने पति अर्जुन मरावी और बेटे के साथ पड़ोसियों को सतर्क करने के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान उसका बेटा घर का दरवाजा बंद करने के लिए पीछे रुक गया। तभी दिलासो बाई अचानक हाथी की चपेट में आ गई। हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

उदयपुर में स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास पहुंचा हाथी

महिला की जान लेने के बाद कबरा हाथी रातोंरात लक्ष्मीपुर, खरसुरा, खोंधला, सलका और जरहाडीह होते हुए सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में पहुंच गया। फिलहाल हाथी उदयपुर जनपद पंचायत कार्यालय के ठीक सामने झिरमिटी में स्वामी आत्मानंद स्कूल के बगल स्थित जंगल में मौजूद है।

वन विभाग की पांच अलग-अलग टीमें हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। निगरानी के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। ड्रोन कैमरे में हाथी जंगल में पेड़ के नीचे खड़ा दिखाई दे रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

पांच स्कूलों में घोषित किया गया अवकाश

उदयपुर नगर के नजदीक हाथी की मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडेय ने जंगल से एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

इसमें स्वामी आत्मानंद स्कूल उदयपुर सहित डूमरडीह, धौरापारा, ललमटियापारा और जरहाडीह के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्कूल शामिल हैं।

मौके पर सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल, रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे, बीईओ मृत्युंजय पांडेय समेत वन विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद हैं।

गौरतलब है कि कबरा हाथी दीपावली की रात दो ग्रामीणों की जान ले चुका है। इसके बाद एक नवंबर को सरगुजा-सूरजपुर सीमा पर दो लोगों और आठ नवंबर को एक अन्य ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया था। अब उमेश्वरपुर में दिलासो बाई की मौत के बाद मृतकों की संख्या 18 बताई जा रही है। लगातार बढ़ते खतरे के बीच अब सबकी नजर वन विभाग के रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है।