
बिलासपुर : गौरा-गौरी विसर्जन का उत्सवी माहौल उस वक्त दहशत में बदल गया, जब बाइक की टक्कर से एक मासूम बच्ची घायल हो गई। बच्ची को चोट लगने से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि गोढ़ी और उड़गन गांव के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और आक्रोशित भीड़ ने करीब 10 बाइकों को आग के हवाले कर दिया। कुछ ही देर में सड़क पर खड़ी गाड़ियां आग की लपटों में घिर गईं और देखते ही देखते जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बच्ची को टक्कर लगी तो युवक की कर दी पिटाई
जानकारी के अनुसार बिल्हा थाना क्षेत्र के गोढ़ी गांव में गौरा-गौरी विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान भीड़ के बीच से एक युवक तेज रफ्तार बाइक लेकर निकल रहा था। इसी बीच उसकी बाइक की चपेट में आने से एक छोटी बच्ची घायल हो गई। बच्ची को चोट लगते ही ग्रामीण भड़क उठे। गुस्साए लोगों ने बाइक सवार युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
फोन कर दूसरे गांव से बुलाई टोली
बताया जा रहा है कि पिटाई से नाराज युवक ने अपने पड़ोसी गांव उड़गन में फोन कर साथियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उड़गन गांव से बड़ी संख्या में युवक गोढ़ी पहुंच गए। इसके बाद दोनों गांवों के लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते जुबानी जंग ने मारपीट का रूप ले लिया। माहौल इतना बिगड़ा कि दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई।
भागे युवक, पीछे छूट गई बाइकें, गुस्साई भीड़ ने लगा दी आग
गोढ़ी गांव में ग्रामीणों की संख्या अधिक होने के कारण उड़गन से पहुंचे युवक अपनी बाइकें छोड़कर मौके से भाग निकले। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वहां छूटी बाइकों को निशाना बना लिया। देखते ही देखते करीब 10 बाइकों में आग लगा दी गई। आग की लपटों ने गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में वे पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। उत्सव के बीच हुई इस आगजनी ने पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
पुलिस की मौजूदगी में संभले हालात, गांवों में बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और गांवों में कैंप कर हालात को नियंत्रित किया। किसी तरह की दोबारा झड़प या अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सात युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के अनुसार मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, उड़गन से आकर विवाद और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में सात युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इनमें आकाश गेंदले (20), शैलेन्द्र गेंदले (28), आदित्य मनहर (19), प्रेमजीत घोसले (20), योगेश टण्डन (21), राघवेन्द्र गेंदले (30) और खुशेन्द्र निषाद (19) शामिल हैं। सभी ग्राम उड़गन के निवासी बताए गए हैं।
वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस, आगजनी करने वालों की तलाश
पुलिस अब घटनास्थल के वीडियो फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर उन लोगों की पहचान कर रही है, जिन्होंने बाइकों में आग लगाई और मारपीट में भूमिका निभाई। फिलहाल दोनों गांवों में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।