
बलरामपुर (NJV न्यूज़) छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के प्रशासनिक महकमे से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जो किसी सस्पेंस और ड्रामे से भरी फिल्म की कहानी जैसा लगता है। यहां ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) के एक 'रंगीनमिजाज' सब-इंजीनियर की पोल उसी के दफ्तर में काम करने वाली प्रेमिका और उसकी खुद की पत्नी ने खोल दी है। प्यार, धोखा, ब्लैकमेलिंग और अंत में सरकारी खजाने में सेंधमारी— इस कहानी में वह सब कुछ है जिसने बलरामपुर के कुसमी जनपद पंचायत सहित पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है।
हालात ये हैं कि सब-इंजीनियर की प्रताड़ना का शिकार हुई महिला सहकर्मी और खुद आरोपी की पत्नी, दोनों ने ही न्याय की गुहार लगाते हुए कलेक्टर राजेंद्र कटारा और राज्य महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया है।
दफ्तर की सहकर्मी को फंसाया, छिपाई शादीशुदा होने की बात
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर के कुसमी जनपद पंचायत में पदस्थ आरईएस (RES) के सब-इंजीनियर अम्बरीश यादव पर आरोप है कि उसने अपने ही विभाग में सहायक ग्रेड-2 के पद पर कार्यरत एक महिला कर्मचारी को अपने प्रेम जाल में फंसाया। पीड़िता का आरोप है कि अम्बरीश ने खुद को कुंवारा बताकर उसके साथ नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झूठा वादा किया। विभागीय कामकाज के बहाने वह कई बार पीड़िता को राजधानी रायपुर और अन्य शहरों में ले गया, जहां होटलों में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। तीन साल तक यह सिलसिला चलता रहा।
जब पीड़िता को अचानक यह पता चला कि अम्बरीश पहले से ही शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जब उसने इस धोखे का विरोध किया, तो सब-इंजीनियर ने एक नई कहानी गढ़ दी। उसने कहा कि पत्नी के साथ उसका तलाक की प्रक्रिया चल रही है और जैसे ही तलाक होगा, वह उसे ही अपने घर ले जाएगा।
आपत्तिजनक फोटो से ब्लैकमेलिंग और पत्नी का फूटा गुस्सा
जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बढ़ाया, तो आरोपी अपने असली रूप में आ गया। उसने महिला को डराना शुरू कर दिया कि उसके पास कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो हैं, जिन्हें वह वायरल कर देगा। वहीं दूसरी ओर, इस पूरे प्रकरण में सब-इंजीनियर की पत्नी भी सामने आ गई है। पत्नी ने भी राज्य महिला आयोग और संबंधित समिति में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि वह पति के अवैध संबंधों और आए दिन होने वाली मारपीट से बुरी तरह त्रस्त और मानसिक रूप से परेशान हो चुकी है।
धोखा मिला तो प्रेमिका ने खोल दिया भ्रष्टाचार का 'कच्चा चिट्ठा
इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प और प्रशासनिक पहलू यह है कि जब प्रेमिका को समझ आ गया कि सब-इंजीनियर उसके साथ सिर्फ खेल खेल रहा है, तो उसने सीधे उसकी 'दुखती रग' पर वार किया। महिला ने सिर्फ शारीरिक शोषण की शिकायत नहीं की, बल्कि विभाग में हुए भारी भ्रष्टाचार के पुख्ता प्रमाण भी प्रशासन को सौंप दिए हैं।
शिकायत के अनुसार, महिला ने 15 नवंबर 2023 को दो लाख रुपये और 12 अगस्त 2024 को 5 लाख रुपये की भारी वित्तीय अनियमितताओं के साथ-साथ कई अन्य घोटालों का भी पर्दाफाश किया है। पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की सूक्ष्म जांच कर आरोपी सब-इंजीनियर के खिलाफ धारा 420, 354, 384, 406 और 120B के तहत तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज की जाए।
विशाखा समिति सख्त, प्रशासन कर रहा गोपनीय जांच
चूंकि यह कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से जुड़ा गंभीर मामला है, इसलिए विशाखा समिति भी इस प्रकरण में पूरी तरह सख्त हो गई है। पीड़िता ने सब-इंजीनियर के शादी के वादों और ब्लैकमेलिंग से जुड़ी आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैट भी समिति और संरक्षण अधिकारी को सौंप दी है। साथ ही आरोपी का मोबाइल तुरंत जब्त करने की मांग की है ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो सके।
इस पूरे घटनाक्रम पर बलरामपुर के जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) रमाकांत ध्रुव का कहना है कि, मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। टीम लगी हुई है और जांच की जा रही है। चूंकि यह एक महिला से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील मामला है, इसलिए अभी अधिक जानकारी उजागर नहीं की जा सकती। जांच पूरी होते ही संबंधित उच्च अधिकारी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। फिलहाल, इस 'दागदार' इंजीनियर की फाइलें और कारनामे प्रशासन की टेबल पर हैं और अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस मामले में रसूख की जीत होती है या न्याय की।

