
बिलासपुर। डीजल चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कथित रूप से छोड़ने के मामले में बिलासपुर पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले का संज्ञान लेते हुए कोनी थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) उमेश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में एसएसपी की ओर से निलंबन आदेश भी जारी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोनी थाना पुलिस ने हाल ही में नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक, ट्रेलर और अन्य भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध आरोपियों को पकड़कर थाने लाया था। प्रारंभिक पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही थी।
तीन आरोपियों को छोड़ने का आरोप, वीडियो हुआ वायरल
आरोप है कि गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से बैसाखू, राजेश और राजू नामक तीन लोगों को थाने से छोड़ दिया गया। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
SSP ने लिया तत्काल संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों का संज्ञान लिया। प्रारंभिक स्तर पर लापरवाही और कर्तव्य निर्वहन में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एएसआई उमेश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।