
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे माना क्षेत्र के ग्राम नकटी में लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद आखिरकार प्रशासन ने बेदखली की कार्रवाई शुरू कर दी है। सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण हटाने के लिए आज तड़के से ही प्रशासनिक अमला पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंच गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जेसीबी मशीनों के साथ करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील नजर आ रहा है।
प्रशासन के अनुसार, ग्राम नकटी के वार्ड क्रमांक 16 और 17 में सरकारी भूमि पर बने 48 अवैध मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले संबंधित कब्जाधारकों को राजस्व विभाग की ओर से बेदखली नोटिस जारी किए जा चुके थे। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
हालांकि, ग्रामीण प्रशासन की इस कार्रवाई का लगातार विरोध कर रहे हैं। उनका दावा है कि वे वर्षों से इस जमीन पर निवास कर रहे हैं और कई मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी निर्मित किए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उन्हें बेदखल किया जा रहा है।
प्रशासन और ग्रामीणों के दावों के बीच क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के बीच बेदखली अभियान जारी है और अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।