रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में अहम प्रशासनिक बदलाव करते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है। गृह (पुलिस) विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, वे पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें आगामी आदेश तक बस्तर रेंज, जगदलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब बस्तर रेंज का आईजी पद खाली था। बस्तर राज्य का सबसे संवेदनशील और नक्सल प्रभावित इलाका माना जाता है, जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नक्सल विरोधी अभियानों का नेतृत्व भी इसी पद के जिम्मे होता है। ऐसे में बद्रीनारायण मीणा की नई जिम्मेदारी को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दरअसल, बस्तर के पूर्व आईजी सुंदरराज पी को हाल ही में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) के पद पर नियुक्त किया गया है। उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद यह पद रिक्त हो गया था, जिसे अब राज्य सरकार ने भर दिया है।image-51-8

वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी ने बस्तर में लंबे समय तक सेवाएं दीं और नक्सल विरोधी अभियानों में अहम भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में सुरक्षा बलों ने कई बड़े ऑपरेशन चलाए। खुफिया नेटवर्क को मजबूत करने, नए सुरक्षा कैंप स्थापित करने, दूरस्थ इलाकों तक पुलिस की पहुंच बढ़ाने और आत्मसमर्पण नीति को प्रभावी बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अब बद्रीनारायण मीणा के सामने बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, नक्सल विरोधी अभियानों की गति बनाए रखने तथा पुलिस-जन संवाद को बेहतर करने जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक उनकी यह पदस्थापना अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।