
कांकेर: Kanker के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षा बलों ने एसीएम रैंक की महिला माओवादी कमांडर रंगाबोइना भाग्या उर्फ ‘रूपी’ को मार गिराया, जिस पर 4 लाख का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, माचपल्ली क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में रूपी ढेर हो गई। मौके से हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि रूपी लंबे समय से माओवादी संगठन में सक्रिय थी और बस्तर के माड़ डिवीजन में बड़े कैडर की आखिरी महिला नक्सली मानी जा रही थी। वह करीब दो दशकों से अधिक समय से संगठन से जुड़ी हुई थी और कई गतिविधियों में शामिल रही थी। यह ऑपरेशन खुफिया सूचना के आधार पर चलाया गया, जिसमें पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने जंगलों में घेराबंदी कर कार्रवाई की।
इस बीच बस्तर रेंज के आईजी Sundarraj P ने बाकी बचे माओवादी कैडरों से आत्मसमर्पण की अपील दोहराई है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार पुनर्वास के अवसर दे रही है, लेकिन जो लोग हिंसा का रास्ता चुनते हैं, उनका अंत इसी तरह होता है। सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और शेष सक्रिय नक्सलियों की तलाश जारी है।




