बिलासपुर : कोटा थाना क्षेत्र में हथियार के दम पर लूट और घर में घुसकर नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर एक पिस्टल, सोने के आभूषण, घटना में प्रयुक्त आर्टिका कार, प्लेटिना मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।

रेलवे कर्मचारी को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपये की कलेक्शन राशि लेकर जा रहे रेलवे कर्मचारी को बदमाशों ने बड़े बराबर मोड़ के पास सलका डैम के नजदीक घेर लिया था। आरोपियों ने कर्मचारी से बैग झपट लिया और उसे धक्का देकर गिराने के बाद मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद कोटा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

घर में घुसकर बुरखा पहनकर की लूट

इतना ही नहीं, 18 जुलाई 2026 को आरोपियों ने एक और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, बदमाश बुरखा पहनकर राजकुमारी जायसवाल के घर में घुसे और मारपीट करते हुए हथियार दिखाकर सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। इस मामले में भी कोटा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मुखबिर की सूचना से खुला राज

लगातार जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के निरीक्षण, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस की टीम ने दबिश देकर राकेश जायसवाल, दिव्यांशु जायसवाल, आदर्श तिवारी, हर्ष नामदेव, हर्ष सोनी और सनी सिंह को गिरफ्तार किया।

राकेश ने रची पूरी साजिश

पूछताछ में पुलिस के सामने वारदात की पूरी कहानी सामने आई। पुलिस ने बताया कि राकेश जायसवाल इस गिरोह का मास्टरमाइंड था। उसने अपने साथी दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों को हथियार की जरूरत थी। इसके लिए सनी सिंह से पिस्टल मांगी गई। सनी सिंह अपने साथ आरोपियों को रीवा ले गया, जहां उसके भाई के जरिए पिस्टल उपलब्ध कराई गई।

लूट का सोना ज्वेलरी कारोबारी को बेचा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लूटे गए सोने के आभूषणों को हर्ष नामदेव की मदद से ज्वेलरी दुकान संचालक हर्ष सोनी को बेचा गया। इसके बदले आरोपियों ने रकम हासिल की थी। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर लूट के सामान सहित वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों और अन्य सामान को बरामद किया है।

सभी आरोपी न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, एएसआई शिव कुमार साहू, एएसआई भरत राठौर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, आरक्षक संजय श्याम सहित कोटा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों के लिए नगद इनाम की घोषणा की है।