बेंगलुरु। PES University में एक प्रोफेसर द्वारा छात्र के खिलाफ कथित सांप्रदायिक टिप्पणी करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। क्लासरूम में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में आक्रोश का माहौल है।

आरोप है कि प्रोफेसर ने एक मुस्लिम छात्र को न केवल ‘आतंकवादी’ कहा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए उसे ईरान युद्ध के लिए भी जिम्मेदार ठहराया। इतना ही नहीं, कथित तौर पर उन्होंने यह भी कहा कि डोनाल्ड ट्रंप आएंगे और उसे ले जाएंगे, साथ ही अपमानजनक टिप्पणियां भी कीं।

यह घटना उस समय की बताई जा रही है जब छात्र अफ्फान ने कक्षा से बाहर जाने की अनुमति मांगी थी। आरोप है कि इस साधारण स्थिति पर प्रोफेसर ने आक्रामक प्रतिक्रिया दी और पूरे क्लास के सामने छात्र को अपमानित किया। क्लास में मौजूद अन्य छात्रों ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामले के सामने आने के बाद छात्र संगठन NSUI ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। बढ़ते विवाद को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए प्रोफेसर को जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया है।

यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में संवेदनशीलता, आचार संहिता और शिक्षक-छात्र संबंधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।