जांजगीर-चांपा। Janjgir-Champa जिले के बलौदा क्षेत्र में स्थित पीएमश्री कन्या प्राथमिक शाला एक गंभीर विवाद के केंद्र में आ गई है। स्कूल की प्रधान पाठक लक्ष्मी देवी भारद्वाज पर छात्रों को कथित रूप से धार्मिक रूप से प्रभावित करने, हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ भड़काने और ईसाई रीति-रिवाजों की ओर प्रेरित करने के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने जनसमस्या शिविर में शिकायत करते हुए दावा किया कि स्कूल की प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान की जगह धार्मिक वाक्यों का उच्चारण कराया जा रहा था। मामले के सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल जांच शुरू कर प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। विभागीय जांच में जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर डीईओ ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी देवी भारद्वाज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही उनके खिलाफ वित्तीय अनियमितता, फर्जी बिल-वाउचर और प्रशासनिक लापरवाही जैसे आरोपों की भी जांच तेज कर दी गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बलौदा निर्धारित किया गया है।convertion

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब धर्मांतरण की आशंका और लोक शांति भंग होने की शिकायत पर Baloda Police Station में भी प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत केस कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद शिक्षा व्यवस्था, स्कूलों में धार्मिक गतिविधियों और बच्चों पर वैचारिक प्रभाव को लेकर प्रदेशभर में बहस छिड़ गई है।