
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के Durg जिले में लोगों को पैसा दोगुना करने और आसान लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसने अलग-अलग लोगों को अपने जाल में फंसाकर 10 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला निवेश पर कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देती थी। एक पीड़ित से उसने करीब 3 लाख रुपए नगद और 7 लाख रुपए बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर करवाए। तय समय बीतने के बाद भी जब पैसे वापस नहीं मिले, तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा आरोपी ने लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को निशाना बनाया। एक महिला से उसने प्रोसेसिंग के नाम पर 60 हजार रुपए ले लिए, लेकिन न तो लोन दिलाया और न ही रकम लौटाई। आरोपी पैसे मिलने के बाद पीड़ितों से संपर्क तोड़ देती थी, जिससे कई लोग उसके जाल में फंसते चले गए।
पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि उसके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अब उसके बैंक खातों और अन्य लेनदेन की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके और अन्य पीड़ितों तक भी पहुंच बनाई जा सके।




