
मुंबई। महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई से अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दहिसर इलाके में एक गिरोह ने सेवानिवृत्त बुजुर्ग दंपती को डायन, श्राप और बुरी आत्माओं का डर दिखाकर करीब 10 साल तक अपने जाल में फंसाए रखा। आरोपियों ने परिवार पर संकट आने और जान का खतरा होने की बात कहकर चार फ्लैट, 1,200 ग्राम सोना, शेयर और नकदी समेत करीब 6.38 करोड़ रुपये हड़प लिए। मामले में दहिसर पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को पीड़िता परसिस दारा मेहता की शिकायत पर मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से दंपती को मानसिक रूप से डराकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। गिरोह ने इसके लिए कई काल्पनिक किरदार बनाए थे और अलग-अलग पहचान के जरिए परिवार से संपर्क बनाए रखा।
2016 में शुरू हुआ ठगी का खेल
पुलिस के मुताबिक, ठगी का सिलसिला दिसंबर 2016 में शुरू हुआ था। दहिसर पूर्व की गायत्री सोसाइटी में रहने वाली परसिस मेहता की मुलाकात पड़ोसी मेघना इनामदार के माध्यम से पनवेल की रमाबाई साने और उसके सहयोगी उमेश देशपांडे से हुई थी। उस समय परसिस के पति दारा मेहता को तीन बार लकवे का दौरा पड़ चुका था।
आरोपियों ने इसी परिस्थिति का फायदा उठाया और घर में वास्तुदोष तथा जादू-टोना होने की बात कही। उन्होंने पूजा-पाठ के नाम पर शुरुआत में 40 ग्राम सोने की चेन और 3.85 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद धीरे-धीरे दंपती को अपने प्रभाव में ले लिया।
108 साल का गुरुवर्य बनकर करता था बात
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे आवाज बदलकर खुद को हैदराबाद के एक मठ का 108 वर्षीय गुरुवर्य बताता था। उसकी सहयोगी अश्विनी गायकवाड स्नेहलता दीक्षित उर्फ बाईसाहेब और वृषाली गायकवाड रमाबाई साने बनकर दंपती से बातचीत करती थीं।
आरोपियों ने अघोरी पूजा, काली गुड़िया, नेपाल के साधु की भस्म और सिंदूर जैसी चीजों का इस्तेमाल कर दंपती के मन में डर पैदा किया। उन्हें बताया गया कि उनकी संपत्ति पर डायन और बुरी शक्तियों का साया है। यदि शुद्धिकरण नहीं कराया गया तो उनके पति और दोनों बेटों की जान खतरे में पड़ सकती है। बाद में आरोपियों ने रमाबाई की हत्या और बाईसाहेब के कामशेत में समाधि लेने जैसी झूठी कहानियां भी सुनाईं।
चार फ्लैट बिकवाए, शेयर और सोना भी हड़पा
संपत्ति को बुरी शक्तियों से मुक्त कराने के नाम पर आरोपियों ने दंपती को दहिसर और बोरीवली स्थित चार फ्लैट बेचने के लिए मजबूर किया। इनकी बिक्री से मिले करीब 3.02 करोड़ रुपये हड़प लिए गए। इसके अलावा लगभग 1.60 करोड़ रुपये के शेयर बिकवाए गए और बैंक तथा पोस्ट ऑफिस में जमा 45 लाख रुपये भी निकलवा लिए गए।
आरोपियों ने करीब 1,200 ग्राम सोना भी अपने कब्जे में ले लिया। इतना ही नहीं, मठ निर्माण के नाम पर दंपती को आठ प्रतिशत मासिक ब्याज पर 45 लाख रुपये का कर्ज लेने के लिए मजबूर किया गया। शिकायत के अनुसार, इस कर्ज को चुकाने में करीब 90 लाख रुपये खर्च हो गए। आरोपियों ने घर का फर्नीचर तक अपने कब्जे में ले लिया।
पड़ोसी की मदद से हुआ ठगी का खुलासा
जून 2025 में आर्थिक तंगी से जूझ रहे दंपती ने हैदराबाद जाने के लिए पड़ोसी रवींद्र किणी से 24 हजार रुपये उधार मांगे। उनकी खराब आर्थिक स्थिति देखकर पड़ोसी को संदेह हुआ। इसके बाद उसने मामले की जानकारी जुटाई तो करीब एक दशक से चल रही ठगी का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ठगी की रकम से गोरेगांव के नागरी निवारा परिषद इलाके में कई फ्लैट खरीदे हैं। मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे को दिंडोशी पुलिस पहले ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल दहिसर पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका, ठगी की पूरी रकम और उससे खरीदी गई संपत्तियों की जांच कर रही है।